Home > Archived > दिल्ली में दुष्कर्म के विरोध में सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी

दिल्ली में दुष्कर्म के विरोध में सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी

दिल्ली में दुष्कर्म के विरोध में सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी
X

नई दिल्ली | दिल्ली में पांच साल की एक बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के विरोध में लोग सड़कों पर उतर आए हैं। पुलिस आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए बड़ी संख्या में लोग दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर जमा हो गए। लोग बैनर हाथों में उठाए सरकार और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त नीरज कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि वह शहर में दुष्कर्म की घटनाओं पर रोक लगाने में विफल रहे हैं। प्रदर्शनकारी दुष्कर्मी को मौत की सजा दिए जाने की भी मांग कर रहे हैं। एक युवा प्रदर्शनकारी ने कहा, "16 दिसम्बर की घटना के बाद लगता है पुलिस ने इससे कुछ नहीं सीखा है। हम हर दिन इस तरह की दो या तीन घटनाओं के बारे में सुनते हैं। यह कब तक जारी रहेगा? आरोपियों को जरूर सजा मिलनी चाहिए और पुलिस पर सतर्क रहने का दबाव बढ़ाना चाहिए।"प्रदर्शनकारी अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एआईआईएमएस) के बाहर भी जमा हो गए हैं जहां पीड़ित बच्ची का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों नेबताया कि उसकी स्थिति में सुधार हो रहा है और उसकी हालत स्थिर है। पुलिस ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय और एम्स के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्ची का 15 अप्रैल को अपहरण कर उसे पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर इलाके की एक इमारत की निचली मंजिल पर स्थित अपने घर में दो दिनों तक बंधक बनाकर रखा था। इस दौरान उसे खाना और पानी भी नहीं दिया गया था। पीड़िता का परिवार भी इसी इलाके में रहता है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी 25 वर्षीय मनोज कुमार को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के एक गांव से शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया है।


Updated : 20 April 2013 12:00 AM GMT
Next Story
Top