Home > Archived > धूमधाम से मनी अम्बेडकर जयंती

धूमधाम से मनी अम्बेडकर जयंती

मुरैना | भारत रत्न डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती आज शहर में धूमधाम से मनाई गई। जहां राजनैतिक दलों ने कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी वहीं बाबा साहेब के अनुयायियों ने शहर में भव्य चल समारोह व झांकियां निकालीं।
चल समारोह में आज दोपहर रेस्ट हाउस से शुरू हुआ और शहर में प्रमुख मार्गों से होता हुआ हनुमान चौराहे पर पहुंचा। चल समारोह में ट्रैक्टर ट्रालियों में बीस से अधिक झांकियां सजी थीं। जिसमें डॉ. साहब के जीवन चित्रों को दर्शाया गया था। वहीं बैण्ड बाजे के साथ युवा झूम रहे थे। चल समारोह में लगभग पांच सैंकड़ा महिला भी कतार बद्ध होकर चल रही थीं। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर शहर के लोगों ने जगह जगह ठंडे शरबत व स्वल्पाहार का इंतजाम भी किया था।
भाजपा नगर मंडल ने मनाई जयंती
भारतीय जनता पार्टी नगर मुरैना द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 122 वीं जयंती बड़े धूमधाम से सिंघल बस्ती स्थित अंबेडकर पार्क में मनाई। इस अवसर पर पूर्व मंत्री रुस्तम सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थे। रुस्तम सिंह ने डा. साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि डा. साहब देश के एक महान व्यक्तित्व के धनी थे। वे निम्र वर्ग में पैदा हुए और उन्होंने देश के हर वर्ग के लिए काम किया। इस अवसर पर सिंघल बस्ती के स्थानीय नेताओं ने भी संबोधित किया। इसके साथ ही नगर मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र गोयल, मुकेश जाटव, नगर महामंत्री संजय सिंघल, चेतराम कंसोटिया, दीना मंगल, हेमंत पाराशर, गजेन्द्र पिरोजी, डा. हरीसिंह सेंगर, राजू चौधरी, रामस्वरूप जाटव, रामनारायण कुशवाह आदि ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन नगर महामंत्री रामवीर कंषाना ने किया।
सेवादल ने की पुष्पांजलि अर्पित
कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने आज सुबह साढ़े नौ बजे सिंघल बस्ती स्थित अंबेडकर पार्क पहुंचकर डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष राकेश मावई खासतौर पर उपस्थित थे। मावई ने कहा कि बाबा साहब ने देश के शोषित, दलित और पिछड़े लोगों को हक दिलाने के लिए काम किया। देश के संविधान में इस वर्ग के लिए जो प्रावधान किए गए हंै वह बाबा साहब की देन है। सेवादल के मुख्य संगठक राधाचरण यादव ने भी डॉ. अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता राजेन्द्र यादव, किसान कांग्रेस के अध्यक्ष गिर्राज डण्डौतिया, अब्दुल रहमान अब्बासी, गंगा सिंह तोमर, मुरारीलाल खस, जण्डेल यादव, प्रमोद शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।
चल समारोह का श्री तोमर व रुस्तम सिंह ने किया स्वागत
चल समारोह का भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व सांसद नरेन्द्र सिंह तोमर व पूर्व मंत्री रुस्तम सिंह ने नगर पालिका के सामने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ तमाम भाजपा नेता उपस्थित थे। 

Updated : 15 April 2013 12:00 AM GMT
Next Story
Top