राम सेतु से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं
X
नई दिल्ली | भाजपा ने सरकार को आगाह किया कि वह राम सेतु से छेड़-छाड़ करने वाली सेतु समुद्रम परियोजन पर आगे नहीं बढ़े, क्योंकि इससे करोड़ों हिन्दुओं की आस्था जुड़ी हुई हैं। उसने इस योजना को तुरंत रद्द करने की मांग की। पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने यहां कहा, ‘‘राम सेतु से किसी भी तरह की छेड़-छाड़ को हिन्दू बर्दाश्त नहीं करेंगे यह सरकार सेतुसमुद्रम मामले में आर के पचौरी समिति की सिफारिशों की अनदेखी करके परियोजना पर आगे बढ़ रही है। यह मुद्दा हिन्दू भावना और आस्था से जुड़ा है।’’ उच्चतम न्यायालय में दाखिल पचौरी समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि सेतुसमुद्रम जहाजऱानी चैनल परियोजना आर्थिक और पर्यावरणीय नजरिए से व्यवहारिक नहीं है। सरकार ने इस रिपोर्ट को अस्वीकार कर लिया है और कहा है कि वह इस परियोजना को आगे बढ़ाना चाहती है। यह परियोजना राम सेतु (एडम्स ब्रिज) को काटती हुई गुजरेगी। प्रसाद ने कहा, ‘‘भाजपा और देश राम सेतु से किसी भी तरह की छेड़-छाड़ को बर्दाश्त नहीं करेगा। राम सेतु को काटना ही इस परियोजना के लिए सरकार को एकमात्र विकल्प क्यों नजर आ रहा है। राम सेतु के बिना आप रामायण की कल्पना नहीं कर सकते हैं। इससे करोड़ों हिन्दुओं की आस्थाएं जुड़ी हैं।’’