आंध्र प्रदेश से कल रात टकराएगा हेलेन चक्रवात

चेन्नई | बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के और गहरे होकर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। यह गुरुवार रात चेन्नई और ओंगोल के बीच स्थित तटों से टकरा सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने बुधवार को कहा कि हेलेन चक्रवात के 21 नवंबर की रात को कावेली के निकट दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों से टकराने की आशंका है। इसने बताया कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अगले कुछ घंटों में गहरा होकर चक्रवाती तूफान और अगले 24 घंटों में भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि शुरआत में कुछ समय के लिए पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में और फिर पश्चिम-दक्षिणपश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा यह तूफान दक्षिणी आंध्र प्रदेश और इससे सटे उत्तरी तमिलनाडु स्थित कावेली के निकट ओंगोल और चेन्नई के बीच स्थित तटों से 21 नवंबर की रात को टकरा सकता है। विभाग ने इस बीच आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तेज से काफी तेज बारिश होने की संभावना जताई है।