पटना सीरियल ब्लास्ट: तीन संदिग्ध हिरासत मेंगंभीर

रांची | झारखंड पुलिस ने पटना में हुए विस्फोटों के संबंध में यहां छापेमारी के दौरान तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। कल हुए इन विस्फोटों में पांच व्यक्ति मारे गए थे और 83 घायल हुए थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीती रात बताया था, ‘‘ बिहार पुलिस से मिली सूचना के आधार पर, हमने धुर्वा इलाके में छापा मारा और तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।’’ उन्होंने बताया, ‘‘ छापेमारी के दौरान एक प्रेशर कुकर, चरमपंथी साहित्य, विस्फोटक और आईईडी बनाने में इस्तेमाल की जाने वाली अन्य सामग्री मिली है। ’’ उन्होंने साथ ही बताया कि अन्य जगहों पर भी छापेमारी की गयी है। पटना सीरियल ब्लास्ट में रांची से पकड़े गए 3 संदिग्धों के पास से 7 नंबर मिले हैं। ब्लास्ट के एक आरोपी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हालांकि उन्होंने अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। इससे पहले, झारखंड के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) एस एन प्रधान ने कहा था कि विस्फोटों के आरोपियों में से कुछ के झारखंड से होने की रिपोर्ट मिलने के बाद राज्य में चौकसी बढ़ा दी गयी। पटना में कल कम क्षमता वाले सात सिलसिलेवार धमाके हुए थे जिनमे पांच लोग मारे गए और 83 घायल हो गए। इनमें से छह बम धमाके नरेन्द्र मोदी की विशाल रैली के आयोजन स्थल गांधी मैदान में और इसके आसपास हुए। ये धमाके मोदी के संबोधन से कुछ ही समय पहले हुए।