पाकिस्तान का हमला उकसावे वाला : एंटनी

नई दिल्ली। भारत ने दो भारतीय सैनिकों की बेरहमी से हत्या और उनके शव को क्षत-विक्षत करने की पाकिस्तानी सैनिकों की करतूत को 'अमानवीय' और 'अत्यंत उकसाने ' वाला करार दिया है। रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने कहा कि भारत सरकार पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में हुए इस हमले के बारे में पाकिस्तान के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराएगी। उन्होंने कहा कि भारत के सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) भी इस घटना को पाकिस्तानी समकक्ष के समक्ष उठाएंगे। एंटनी ने कहा, 'पाकिस्तानी सेना का काम बेहद उकसावे वाला है। जिस तरह से भारतीय सैनिकों के शवों के साथ व्यवहार किया गया, वह अमानवीय है। हम पाकिस्तान के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराएंगे और हमारे डीजीएमओ भी अपने समकक्ष से बात करेंगे। हम स्थिति पर करीबी से नजर रखे हुए हैं।'सेना के अतिरिक्त महानिदेशक (लोक सूचना) मेजर जनरल एस. एल. नरसिम्हन ने कहा कि उत्तरी सेना के कमांडर ले. जनरल के. टी. परनाइक ने घटनास्थल का दौरा किया और इस बात की पुष्टि की कि दो शवों में से एक क्षत विक्षत था। अन्य सूत्रों ने बताया कि दोनों भारतीय सैनिकों के सिर काट दिए गए थे और एक सिर पाकिस्तानी हमलावर अपने साथ लेते गए। यह हमला पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास किया गया जब पाकिस्तानी भारतीय सीमा में करीब 100 मीटर तक अंदर आ गए और गश्ती दल पर हमला किया। दो सैनिकों की हत्या के अलावा दो अन्य सैनिकों को उन्होंने घायल किया और उनके हथियार और अन्य सामान ले गए।