आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक श्रीकांत जोशी का निधन

नई दिल्ली | राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक और हिन्दुस्थान समाचार के संरक्षक श्रीकान्त जोशी का मंगलवार सुबह पांच बजे मुम्बई में निधन हो गया। वे 76 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार आज सायंकाल मुम्बई में होगा। श्री जोशी के निधन से हिन्दुस्थान समाचार सहित आरएसएस को गहरी छति पहुंची है। उनके निधन पर आरएसएस, भाजपा सहित कई सामाजिक व राजनीतिक संगठनों ने शोक व्यक्त किया। जोशी ने अंतिम सांस मुंबई के संघ कार्यालय में ली। वे पिछले कुछ दिनों से सांस की बीमारी से पीड़ित थें। दो दिन पूर्व ही वह दिल्ली प्रवास पर आये और संवाद समिति के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आगामी योजनाओं पर विचार विमर्श किया था। गत् 22 दिसम्बर को इलाहाबाद में हुए संवाद समिति के केन्द्रीय निदेशक मण्डल बैठक की अध्यक्षता करने पहुंचे जोशी की तबियत कुछ ठीक नहीं थी। उसके बाद वह नागपुर में अपना इलाज करा रहे थें।सनद रहे कि जोशी पिछले चार दशक से संघ के प्रचारक रहे। संघ के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने हिन्दुस्थान समाचार संवाद समिति को पुनर्जीवित करने का संकल्प लिया। उनके अथक परिश्रम से गत् एक दशक में इस संवाद समिति ने न केवल अपना विस्तार किया अपितु भारत सहित विदेशों में भी अपनी धाक जमाने में सफल रही। उनकी प्रेरणा से आज भारत सहित मारिशस, नेपाल, त्रिनिनाड, थाईलैण्ड सहित कई देशों में इस संवाद समिति के ब्यूरो कार्यालय सफलता पूर्वक चल रहे हैं।