Home > Archived > राजधानी में कड़ाके की ठंड जारी

राजधानी में कड़ाके की ठंड जारी

राजधानी में कड़ाके की ठंड जारी
X

नई दिल्‍ली | दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है | दिल्ली में शुक्रवार के मुकाबले ठंड थोड़ी कम है, लेकिन पारा अब भी तीन डिग्री सेल्सियस से नीचे है | दिल्‍ली में आज सुबह 8:30 बजे न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है | मौसम का असर ट्रेनों की आवाजाही पर पड़ा है. 51 ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि 14 रद्द हैं | रात 2:30 बजे पालम एयरपोर्ट पर तापमान 3.6 डिग्री और सफदरजंग इलाके में चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया | हांलाकि राहत की बात यह है कि मौसम विभाग के मुताबिक आज कोहरा नहीं रहेगा | शुक्रवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो दिल्ली में इस सीजन का सबसे कम तापमान है | ठंड का सबसे ज्यादा असर रेलवे और हवाई यातायात पर पड़ा है| ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं, जबकि दिल्ली से उड़ने वाली दर्जनों उड़ानें पर इसका असर पड़ा | मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले तीन-चार दिनों तक सर्दी दिल्लीवालों को ऐसे ही सताती रहेगी | राजधानी दिल्ली के साथ-साथ देश के उत्तरी इलाकों में जबरदस्त ठंड का कहर जारी है | पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक हर जगह लोग हड्डियां कंपा देने वाली सर्दी से परेशान हैं | शीतलहर और कंपकपाती ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया है |उत्तर प्रदेश में ठंड के कहर से पिछले कुछ दिनों में अब तक 129 लोगों की मौत हो चुकी है. राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को पारा लुढ़ककर 2.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया | जबकि कानपुर में सबसे कम 1.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया | इलाहाबाद में सड़कों पर छाए कोहरे ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं | एहतियात के तौर पर लोग पार्किंग लाइट जलाकर गाड़ी चला रहे हैं | मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक सर्दी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं है | जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार को पारा शून्य से 4.3 डिग्री नीचे पहुंच गया है. डल झील बर्फ में तब्दील हो चुकी है. खून को जमा देने वाली इस कड़ाके की ठंड ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है | हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में लोग ठंड से निजात पाने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं. वहीं, शिमला घूमने आए सैलानी चाय-कॉफी की चुस्कियों का मजा ले रहे हैं | सर्दी के मामले में पंजाब का अमृतसर भी किसी पहाड़ी इलाके से कम नही है और यहां धुंध छाई हुई है. चंडीगढ में भी सर्दी का सितम जारी है |


Updated : 5 Jan 2013 12:00 AM GMT
Next Story
Share it
Top