आव्रजन सुधार का समय आ गया है : ओबामा

आव्रजन सुधार का समय आ गया है : ओबामा
X

वाशिंगटन | आव्रजन सुधार पर बढ़ रही सहमति को देखते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अमेरिकी कांग्रेस से कहा है कि 1.1 करोड़ अवैध आप्रवासियों को नागरिकता देने का रास्ता तैयार करने के लिए शीघ्र कदम उठाए जाएं। इन अवैध आप्रवासियों में 2,40,000 भारतीय शामिल हैं।
ओबामा ने नेवादा के लास वेगास में हिस्पैनिक बाहुल्य एक माध्यमिक विद्यालय में अपनी योजना की घोषणा करते हुए चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस ने समय पर कदम नहीं उठाया, तो वह खुद एक विधेयक पेश करेंगे और इस पर तुरंत मतदान के लिए दबाव डालेंगे।
ओबामा ने कहा कि एक खराब व्यवस्था ठीक करने के लिए यह बिल्कुल उचित समय है और सुधार से निश्चित रूप से अवैध आप्रवासियों को नागरिकता देने का रास्ता तैयार किया जाना चाहिए, जिसमें से 68 लाख लोग या 59 फीसदी मेक्सिको से हैं और दूसरे स्थान पर अल सल्वाडोर के 6,60,000 लोग हैं।
मार्च 2012 में जारी डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्युरिटी की रिपोर्ट के मुताबिक भारत के लोग 2,40,000 की संख्या के साथ सातवें स्थान पर हैं, जबकि भारतीयों से पहले ग्वाटेमाला, होंदुरास, चीन और फिलीपींस के लोगों का स्थान हैं।
भारतीय प्रवासियों की संख्या हालांकि सबसे तेजी से बढ़ रही है। उनकी संख्या 2000 के बाद से दोगुना बढ़ गई है। भारतीय प्रवासी अपेक्षाकृत अधिक शिक्षित हैं। उनमें से अधिकतर ऐसे छात्र हैं, जिनकी वीसा अवधि समाप्त हो चुकी है और जो स्थायी नागरिकता हासिल करने के लिए अनिश्चित काल के लिए प्रतीक्षा कर रहे हैं।
ओबामा ने कहा कि सुधार के अन्य आर्थिक कारण भी हैं। जो लोग अवैध रूप से देश में आ रहे हैं, उनके साथ ही जो लोग वैध तरीके से देश में आना चाहते हैं, उन्हें भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिसके कारण हमारी अर्थव्यवस्था को नुकसान हो रहा है।


Next Story