राजनाथ सिंह भाजपा के नए अध्यक्ष निर्वाचित
X
नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह एक बार फिर सर्वसम्मति से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित कर लिए गए। उन्होंने नितिन गडकरी का स्थान लिया। गडकरी ने भ्रष्टाचार के आरोपों से मुक्त होने तक दोबारा पार्टी अध्यक्ष न बनने का फैसला किया। राजनाथ सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से सम्बंधित एक प्रस्ताव पेश किया गया, जिसे पार्टी संसदीय दल ने मंजूरी दे दी। इसके बाद उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। निर्वाचन अधिकारी ने घोषणा की कि राजनाथ के समर्थन में 17 अन्य नामांकन भी दाखिल किए गए। इसके पहले राजनाथ और निवर्तमान अध्यक्ष नितिन गडकरी एक ही कार में सवार होकर पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक में पहुंचे थे। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं द्वारा गडकरी को फिर से अध्यक्ष बनाए जाने का विरोध किए जाने के बाद राजनाथ को भाजपा अध्यक्ष पद के लिए चुना गया। गडकरी पर भ्रष्टाचार के कई आरोप हैं। गडकरी ने मंगलवार शाम घोषणा कर दी थी कि वह दोबारा अध्यक्ष नहीं बनना चाहेंगे, क्योंकि वह चाहते हैं कि उनका नाम भ्रष्टाचार के आरोपों से मुक्त हो जाए। ज्ञात हो कि भाजपा का अध्यक्ष परम्परागत रूप से निर्विरोध चुना जाता है, और इसी परम्परा को कायम रखते हुए राजनाथ एक बार फिर निर्विरोध पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए। अध्यक्ष पद के लिए राजनाथ सिंह का नाम पार्टी नेताओं की हुई कई बैठकों के बाद सामने आया। इन बैठकों में अरुण जेटली, वेंकैया नायडू, रामलाल और अनंत कुमार शामिल रहे।