दिल्ली गैंगरेप: पीड़ित का अंतिम संस्कार किया गया
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में चलती बस में हुई सामूहिक बलात्कार की शिकार पीड़िता युवती के पार्थिव शरीर का आज तड़के अंतिम संस्कार कर दिया गया। एयर इंडिया का विशेष विमान पार्थिव शरीर को लेकर तड़के करीब साढ़े तीन बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। वहां से लड़की का पार्थिव शरीर महावीर एन्क्लेव स्थित उसके आवास ले जाया गया और धार्मिक रस्में पूरी की गईं। इसके बाद उसे द्वारका सेक्टर 24 स्थित शवदाह गृह ले जाया गया, जहां घने कोहरे के बीच ही लड़की का अंतिम संस्कार कर दिया गया। विमान के दिल्ली पहुंचने पर युवती के शव को एक निजी अस्पताल की एम्बुलेंस से पालम तकनीकी क्षेत्र के रास्ते हवाई अड्डे से बाहर लाया गया। इस बीच हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी भी पहुंचे थे। मनमोहन सिंह और सोनिया ने लड़की के परिजनों से बात की और उन्हें ढाढस बंधाया। इस दौरान घर के आसपास से लेकर शवदाह गृह तक दिल्ली पुलिस और रैपीड एक्शन फोर्स के जवान बड़ी संख्या में तैनात थे। अंतिम संस्कार के समय श्मशान घाट में गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह, पश्चिमी दिल्ली के सांसद महाबल मिश्रा, दिल्ली भाजपा प्रमुख विजेन्द्र गुप्ता भी मौजूद थे। श्मशान घाट में मीडिया को जाने की अनुमति नहीं दी गयी थी। गौरतलब कि फिजियोथरेपी की छात्रा का 16 दिसंबर की रात को नृशंस तरीके से दक्षिणी दिल्ली में एक चलती बस में कथित रूप से छह लोगों द्वारा सामूहिक बलात्कार किया गया था। उसे इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान पीड़ित युवती के तीन आपरेशन किए गए थे। हमले के कारण उसके अंदरूनी अंगों में बहुत चोटें आयी थीं। उसे इलाज के दौरान दिल का दौरा भी पड़ा और उसके मस्तिष्क में भी चोट लगी हुई थी। युवती को बेहद गंभीर हालत में सिंगापुर ले जाया गया था। पीड़ित युवती ने शनिवार तड़के चार बजकर 45 मिनट पर (भारतीय समयानुसार तड़के सवा दो बजे) अंतिम सांस ली थी। सिंगापुर में पीड़ित के दम तोड़ने के बाद पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों के खिलाफ हत्या के आरोप लगाए हैं जिसमें दुर्लभ से दुर्लभतम मामलों में मौत की सजा का प्रावधान है। पुलिस तीन जनवरी को आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल करेगी।