प्रदर्शनकारियों पर फिर लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले दागे

प्रदर्शनकारियों पर फिर लाठीचार्ज,  आंसू गैस के गोले दागे
X

नई दिल्ली | दिल्ली में चलती बस में गैंगरेप के खिलाफ लोगों का गुस्सा आज भी जारी है। दिल्ली और आस−पास के इलाकों से लोग अपना विरोध जताने के लिए जंतर−मंतर, इंडिया गेट, विजय चौक आ रहे हैं, लेकिन दिल्ली पुलिस हर हाल में इन्हें रोकने की कोशिश कर रही है। इंडिया गेट पर आज सुबह फिर से पहुंचे प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस तमाम कोशिशें कर रही हैं, लेकिन प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं हैं। आज फिर प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे गए और पानी की बौछार की गई। पुलिस ने नई दिल्ली के सभी इलाकों में धारा 144 लगा दी है। राजपथ पर किसी की आवाजाही पर रोक लगा दी गई । इंडिया गेट और विजय चौक को भी पूरी तरह से छावनी में तब्दील कर दिया गया है, यहां तक की मीडिया के लोगों को भी वहां जाने की इजाजत नहीं दी । इसके अलावा इंडिया गेट के आसपास के सात मेट्रो स्टेशनों को भी बंद कर दिया गया है। इसके अलावा प्रदर्शन कर रहे लोगों और पुलिस के बीच झड़प भी जारी है। एक तरफ जहां पुलिस लोगों को इंडिया गेट और आसपास के इलाकों से हटाने के लिए पुरजोर कोशिशें कर रही हैं, तो दूसरी तरफ लोग भी पुलिस की जोर आजमाइश का लगातार जवाब दे रहे हैं। कई लोग बस के ऊपर चढ़कर, तो कई लोग बस के नीचे जाकर पुलिस से बचने में लगे हैं। दिल्ली में हुए गैंगरेप के मामले से पूरा देश गुस्से में है। इन लोगों की मांग है कि कानूनों को और कड़ा किया जाए और दिल्ली गैंगरेप के आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

Next Story