फेसबुक विवाद में लड़कियों को मिली राहत

फेसबुक विवाद में लड़कियों को मिली राहत

मुम्बई | महाराष्ट्र पुलिस ने उन दो लड़कियों के खिलाफ मामला वापस लेने का फैसला किया है, जिन्हें शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के अंतिम संस्कार के दौरान मुंबई बंद के खिलाफ फेसबुक पर टिप्पणी करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि पालघर से दो लड़कियों की गिरफ्तारी के मामले में कोई आरोपपत्र दायर नहीं किया जाएगा। मामले में समापन रिपोर्ट दायर की जाएगी। अदालत में पुलिस द्वारा आम तौर पर समापन रिपोर्ट तब दायर की जाती है जब जांचकर्ता इस निष्कर्ष पर पहुंचते हैं कि आरोपियों के खिलाफ कोई मामला नहीं बनता। उन दो लड़कियों को तब गिरफ्तार किया गया था जब18 नवम्बर को ठाकरे के अंतिम संस्कार की वजह से मुम्बई बंद पर फेसबुक पर टिप्पणी की थी। दोनों को बाद में जमानत मिल गई थी। शिवसेना के एक स्थानीय नेता ने लड़कियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर दोनों को 19 नवम्बर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के इस कदम की काफी निन्दा हुई थी। महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को दो पुलिस अधिकारियों, पुलिस अधीक्षक, रविंद्र सेंगांवकर और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक श्रीकांत पिंगले को लड़कियों की गिरफ्तारी के मामले में निलंबित कर दिया था। दोनों पुलिस अधिकारियों के निलंबन के खिलाफ कल पालघर नगर और ठाणे जिले के आसपास के इलाकों में शिवसेना के आहवान पर बंद रहा।



Next Story