Home > Archived > माननीय श्री सुरेश भैयाजी जोशी चौथी बार बने संघ के सरकार्यवाह

माननीय श्री सुरेश भैयाजी जोशी चौथी बार बने संघ के सरकार्यवाह

माननीय श्री सुरेश भैयाजी जोशी चौथी बार बने संघ के सरकार्यवाह
X

नागपुर/स्वदेश वेब डेस्क। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की नागपुर में चल रही तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में माननीय श्री सुरेश भैयाजी जोशी को लगातार चौथी बार सरकार्यवाह के रूप में चुन लिया गया है। सरकार्यवाह का कार्यकाल तीन वर्ष के लिए होता है, भैयाजी जोशी आगामी 3 वर्ष (2018-2021) के लिए सरकार्यवाह पुनर्निर्वाचित हुए है।

अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख डॉ. मनमोहन वैद्य ने भैयाजी जोशी के चुने जाने की आधिकारिक घोषणा की। संघ के लगातार चौथी बार सरकार्यवाह बनने वाले बालासाहब देवरस, एच.वी. शेषाद्रि की पंक्ति में अब भैयाजी जोशी का नाम भी जुड़ गया है। सरकार्यवाह का कार्यकाल तीन वर्ष का होता है। भैयाजी इस पद पर वर्ष 2009 की प्रतिनिधि सभा में पहली बार चुने गए थे।

इस प्रकार हुआ चुनाव
मध्यक्षेत्र के संघचालक अशोक सोहनी को चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई। पश्चिम क्षेत्र के संघचालक जयंतीभाई भाडेरिया ने भैयाजी के नाम का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव के बाद भैयाजी के कार्यकाल में हुई प्रगति का जिक्र किया गया। पूर्वी उत्तर प्रदेश के संघचालक वीरेंद्र, दक्षिण प्रांत के कार्यवाह राजेंद्रन, कोकण प्रांत के कार्यवाह विट्ठल कांबले, असम क्षेत्र के कार्यवाह डॉ. उमेश चक्रवर्ती ने भैयाजी जोशी के नाम का अनुमोदन किया। इसके बाद बैठक में मौजूद देशभर से आए सभी प्रतिनिधियों ने भैयाजी जोशी के नाम का ओंकार की ध्वनि के साथ हाथ उठाकर समर्थन किया।

संक्षिप्त जीवन परिचय : भैयाजी जोशी का जन्म 1947 में इंदौर में हुआ। मुंबई के समीप ठाना शहर में उन्होंने शिक्षा प्राप्त की। कला वर्ग में स्नातक भैयाजी बाल्य काल से ही संघ से जुड़ गए। वर्ष 1975 में प्रचारक बने। महाराष्ट्र में जिला प्रचारक, प्रांत सेवा प्रमुख, क्षेत्र सेवा प्रमुख, अखिल भारतीय सहसेवा प्रमुख, अखिल भारतीय सेवा प्रमुख के दायित्वों का निर्वहन किया। मार्च 2009 की प्रतिनिधि सभा में उन्हें पहली बार सरकार्यवाह चुना गया। इसके बाद 2012 तथा 2015 में उनको इस पद पर फिर से चुना गया। उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वोत्तर भारत में संघकार्य के विस्तार में भैयाजी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Updated : 10 March 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top