Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > नागरिकता कानून के खिलाफ सपा का धरना प्रदर्शन

नागरिकता कानून के खिलाफ सपा का धरना प्रदर्शन

-सरकार के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी, पुलिस ने धरना स्थल घेरा

नागरिकता कानून के खिलाफ सपा का धरना प्रदर्शन
X

हमीरपुर। हमीरपुर में नागरिकता संशोधन एक्ट के विरोध को लेकर गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने धरना प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी है। मौके को पुलिस ने एहतियात के तौर पर चारों ओर से घेर लिया है। सपा कार्यकर्ता पुलिस की घेराबंदी को देख मुख्यमंत्री योगी के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।

नागरिकता संशोधन एक्ट का विरोध यहां लगातार जारी है। आज सुबह से ही सपा के आन्दोलन और प्रदर्शन को लेकर भारी पुलिस बल जिला पंचायत परिसर के अंदर और बाहर मुस्तैद किया गया है। जिला पंचायत के मेन गेट पर बैरियर लगाकर सशस्त्र पुलिस के जवान मुस्तैद किए गए हैं। वहीं दमकल गाड़ी भी बुलायी गयी है। इसके बाद भी बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता जिला पंचायत परिसर पर एकत्र हो गए।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सगे रिश्तेदार पुष्पेन्द्र सिंह यादव पूर्व अध्यक्ष कोआपरेटिव बैंक अपने तमाम समर्थकों के साथ नागरिकता संशोधन एक्ट के विरोध में धरने पर बैठ गए है। धरना स्थल के चारों ओर पुलिस घेराबंदी किए हुए हैं, ताकि कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर कोई उग्र प्रदर्शन न कर सके।

मौके के पास ही एसडीएम सदर राजेश कुमार चौरसिया, सीओ सदर अनुराग सिंह व कोतवाल केपी सिंह समेत तमाम उपनिरीक्षक भी सपा के धरना प्रदर्शन पर नजर रखे है। धरना स्थल पर सपा के कार्यकर्ताओं ने नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी है। कार्यकर्ता लाउड स्पीकर के जरिये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। धरने पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष माया बाल्मीकि, राजेश श्रीवास, लाला प्रधान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद हैं।

Updated : 19 Dec 2019 8:11 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top