Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > विदेशी भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुति से मन मोहा

विदेशी भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुति से मन मोहा

वृन्दावन। चैतन्य विहार स्थित सांदीपनी मुनि स्कूल में कीर्तन महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें विदेश के विभिन्न देशों से आए भक्तों ने भारतीय संस्कृति के अनुरूप हरिनाम संकीर्तन की मनोहारी प्रस्तुतियों से उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

फूड फॉर लाइफ के अध्यक्ष रूपा रघुनाथ दास ने बताया कि प्रतिवर्ष यहां विदेशों से सैंकड़ों भक्त भगवान श्रीकृष्ण के भक्तिभाव से सराबोर होकर आते हैं, जो भारतीय संस्कृति और कृष्ण भक्ति का अनुसरण करने के लिए लालायित रहते हैं। इसी क्रम में इस बार भी विभिन्न देशों से आए विदेशी भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर होकर नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से अपनी भावना प्रकट की है।

इससे पूर्व महोत्सव में सर्वप्रथम दक्षिण अमेरिका के भक्तों ने वृंदावन चंद्र एवं हरिहर दास के नेतृत्व में कीर्तन प्रस्तुत किया। इसके बाद यूके की गंधर्विका दासी ने शास्त्रीय संगीत में हरिनाम संकीर्तन की मनोहारी प्रस्तुति देकर सभी को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। वृंदा कुंज के संस्थापक परम अद्वैतमुनि द्वारा नृसिंह भगवान की आरती की गई, जिसमें शामिल भक्तों ने ठाकुरजी व आरती के दर्शन कर स्वयं को धन्य किया। यूरोप के कीर्तनीय ग्रुप के सदस्यों ने भी श्रीराधाकृष्ण के भक्तिमय कीर्तन की प्रस्तुति देकर महोत्सव में समां बांध दिया। वहीं सांदीपनी मुनि स्कूल की बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कत्थक व ओडिसी नृत्यों की प्रस्तुति के साथ ही योगा व रासलीला का मनभावन मंचन कर सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर नीरज सहगल, राधिका दासी, राजेंद्र सिंह, सीमंत शर्मा, सुनील, योगेश, पार्थ सारथी, अमित सहित वृंदा कुंज व मुंगेर मंदिर से आए विदेशी अनुयायी भी उपस्थित थे।

Updated : 3 Feb 2019 4:54 PM GMT
author-thhumb

Naveen Savita

Swadesh Contributors help bring you the latest news and articles around you.


Next Story
Top