Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > निगम के ट्रैक्टर चालक की लापरवाही ने ली मासूम की जान

निगम के ट्रैक्टर चालक की लापरवाही ने ली मासूम की जान

निगम के ट्रैक्टर चालक की लापरवाही ने ली मासूम की जान
X

पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशितों को बमुश्किल समझाया

वृन्दावन। मथुरा गेट पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत गौरानगर कालोनी स्थित बरातघर के समीप नगर निगम के कर्मचारियों की लापरवाही एक 12 वर्षीय किशोर की मौत का कारण बन गई। ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से किशोर की मौत से गुस्साए परिजनों व क्षेत्रवासियों ने जमकर हंगामा काटा। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को बमुश्किल समझाकर शांत किया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। नगर निगम के ट्रैक्टर से हुए हादसे के बाद मौके पर निगम का कोई भी अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने से लोगों में आक्रोश था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे नगर निगम के 3 ट्रैक्टर ट्रॉलियां कालोनी में फर्राटा भर रही थीं। काफी छोटा मार्ग होने तथा एक साथ तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियों के गुजरने के कारण बरात घर के समीप जाम लग गया तथा ट्रैक्टर चालक आपस में बहस करने लगे।

इसी दौरान एक चालक ट्रैक्टर ट्रॉली को बैक करने लगा तो अपने घर के बाहर खड़ा पूर्व सभासद बादाम सिंह का भतीजा अंकुश पुत्र महेंद्र सिंह उर्फ कल्लू ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर घायल हो गया। इस हृदय विदारक घटना को देख परिजनों के साथ-साथ आसपास के लोग आक्रोशित हो उठे। इसी बीच निगमकर्मी चालक ट्रैक्टर ट्रॉली को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसे की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोर को आनन-फानन में नयति अस्पताल भिजया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

किशोर की मृत्यु की जानकारी लगते ही परिजनों एवं क्षेत्रवासियों ने मार्ग पर जाम लगाकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मामला उग्र होने की जानकारी लगते ही कई थानों का फोर्स तथा एसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह व सीओ सदर रमेशचंद तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और लापरवाह निगमकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही किए जाने का आश्वासन देते हुए आक्रोशित लोगों को बमुश्किल समझाकर मामले को शांत कराया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बताते हैं कि हादसे के बाद नगर निगम के किसी भी अधिकारी के मौके पर न पहुंचने से लोगों में भारी आक्रोश था।

घटना के संबंध में मृतक के परिजन द्वारा निगम का ठेका पर कार्य कर रही कंपनी तथा ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

Updated : 11 Jan 2019 4:34 PM GMT
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top