Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > कमल खिलने पर सौ वर्ष आगे जाएगा देश का विकास : केशव

कमल खिलने पर सौ वर्ष आगे जाएगा देश का विकास : केशव

कमल खिलने पर सौ वर्ष आगे जाएगा देश का विकास : केशव
X

झांसी। झांसी-ललितपुर लोकसभा सीट के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अनुराग शर्मा की मंगलवार को नामांकन सभा में पहुंचे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस को देशद्रोहियों का साथी बताते हुए भारतीय जनता पार्टी के पक्ष मतदान करने की अपील की।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें डर है कि विपक्षी दल यदि अपनी चाल में कामयाब हो गए तो देश का बहुत बड़ा अहित हो जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में आज मोदी के नाम की आंधी चल रही है। विपक्षी दल अपने द्वेष भाव भूलकर एक हो गए हैं। उन्होंने लोगों से सीधा संवाद करते हुए पूछा कि बुआ (मायावती)-भतीजा (अखिलेश) की जोड़ी भाजपा का विजयी रथ रोक पाएंगी, ऐसा कभी नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि आपके कमल खिलाने से देश में केवल पांच वर्ष के लिए भाजपा की सरकार नहीं बनेगी वरन् देश का विकास 100 वर्ष आगे चला जाएगा।

उन्होंने कहा कि आपने ऐसा प्रधानमंत्री कभी देखा है जो कुंभ को स्वच्छ और सुन्दर बनाने वाले स्वच्छता कर्मियों के पैर धोने का कार्य करे। यही नहीं प्रधानमंत्री ने बिना किसी जाति के आरक्षण पर कुठाराघात किए गरीब तबके के सामान्य लोगों को भी 10 प्रतिशत का आरक्षण देने का कार्य किया है।

मौर्य ने कहा कि जब प्रधानमंत्री ने हमारे देश के जवानों की शहादत का बदला लेने के लिए सेना का सहयोग करते हुए दुश्मन के घर पर बम गिरवाए तो सपा, बसपा, कांग्रेस के लोगों को ऐसा लगा जैसे उनके कार्यालयों में बम गिर गए हों। उन्होंने जनता से पूछा कि आप दुश्मनों को करारा जबाब देने वाली सरकार चाहते हैं या फिर दुश्मनों के साथ खुशी मनाने वाली सरकार फैसला 29 अप्रैल को आपको करना है।

अबकी बार 73 पार

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जब आपने सपा शासनकाल में लोकसभा चुनाव के दौरान 80 में से 73 सीटें दिलाईं और विधानसभा में 325 सीटों पर कमल खिलाया है तो इस बार मामला 73 पार जाना चाहिए।

सारे कार्यकर्ता उप मुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां से चुनाव अनुराग शर्मा नहीं लड़ रहे बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और स्वयं लड़ रहे हैं। यही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि सारे कार्यकर्ता स्वयं में उप मुख्यमंत्री हैं। उनके लिए वह हमेशा तत्पर रहेंगे।

पार्टी नेतृत्व पर कोई सवाल नहीं

उप मुख्यमंत्री जब मीडिया से रूबरू हुए तो टिकट की खरीद-फरोख्त का आरोप लगने के सवाल पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। पार्टी का प्रमाण है कि पार्टी नेतृत्व पर सवाल कोई कार्यकर्ता नहीं उठाता । बसपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह परम्परा तो उनकी पार्टी की है। वहीं कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी के नामांकन में एक विशेष समुदाय के झण्डे दिखाई देने के जबाब में उन्होंने कहा कि जनता उन्हें जबाब देगी।

Updated : 9 April 2019 1:58 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top