Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > पाक व आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई समय की मांग : कल्याण सिंह

पाक व आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई समय की मांग : कल्याण सिंह

पाक व आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई समय की मांग : कल्याण सिंह
X

एटा। राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने पुलवामा में हुई आतंकवादियों के हमले की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि प्रधानमंत्री पाकिस्तान व आतंकवादियों को सबक सिखाने के लिए कोई ऐसा कदम अवश्य उठाएंगे जिसे वे सदियों तक याद रखें। राज्यपाल शनिवार को अपने एटा आवास पर हिन्दुस्थान समाचार से बात कर रहे थे।

कल्याण सिंह का कहना था कि आतंकवादियों ने 44 निर्दोष सैनिकों की हत्या कर एक प्रकार से हिन्दुस्तान के शौर्य को ललकारा है। यह कोई छोटी-मोटी घटना नहीं है। अब तक भारत सरकार व उसके सुरक्षा बल केवल अपना डिफेंस किया करते थे। जबकि आफेंस डिफेंस का सर्वश्रेष्ठ रास्ता रहा है। उन्होंने कहा कि भारत व उसके सुरक्षा बलों को अब यही करना होगा। उनका कहना था कि अब वक्त आ गया है कि पाकिस्तान व आतंकवादियों को ऐसा सबक सिखाया जाए, जो उन्हें सदियों तक याद रहे।

राज्यपाल के अनुसार इस घटना के बाद सारा देश एकजुट है। अब कोई पक्ष, विपक्ष नहीं है। देश पर जब-जब ऐसा संकट आया है सारे लोग अपने मतभेद, मनभेद, राजनीतिक मतभेद भूलकर एकजुट होते रहे हैं। आज भी पूरा देश एकजुट है। किसी प्रधानमंत्री के लिए इससे अधिक अनुकूल स्थिति और दूसरी नहीं हो सकती।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री व गृहमंत्री द्वारा दिये संकेतों, सुरक्षा बलों को दी गयी खुली छूट आदि से यह विश्वास है कि उनके मन में कोई बड़ी योजना है। निकट भविष्य में हमें कोई बड़ी कार्रवाई देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई का स्वरूप, समय, स्थान व रणनीति तय करने के साथ-साथ जब एक्शन लिया जाएगा, तभी देश को संतुष्टि मिलेगी। उन्होंने कहा कि वह आशान्वित हैं कि पाकिस्तान व आतंकवादियों को इस कृत्य की सजा अवश्य दी जाएगी।

Updated : 16 Feb 2019 5:21 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top