Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > अन्य > भाजपा से निकला गुर्जर का कांटा, कांग्रेस में शामिल होंगे अवतार भड़ाना

भाजपा से निकला गुर्जर का कांटा, कांग्रेस में शामिल होंगे अवतार भड़ाना

भाजपा से निकला गुर्जर का कांटा, कांग्रेस में शामिल होंगे अवतार भड़ाना
X

फरीदाबाद। उत्तर प्रदेश के मीरपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अवतार सिंह भड़ाना के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। उनके बेहद करीबी सूत्रों से पता चला है कि भड़ाना आज गुरुवार लखनऊ में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा कर सकते हैं। भड़ाना के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं पिछले काफी समय से चल रही हैं। भाजपा में आने से पहले अवतार सिंह भड़ाना कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे| वह फरीदाबाद से कांग्रेस की टिकट पर 3 बार सांसद भी बन चुके हैं। हालांकि 2014 में फरीदाबाद से लोकसभा चुनाव हारने के बाद वह बीजेपी में शामिल हो गये थे| वह उत्तर प्रदेश के मीरापुर से विधानसभा का चुनाव लड़ने पहुंच गए और भाजपा में एमएलए बन कर मंत्री बनने की बाट जोहने लगे। भाजपा में उन्हें भाव नहीं मिला, इस कारण भड़ाना फिर से कांग्रेस में शामिल होने के लिए जुगाड़ में लग गये थे। पिछले 1 साल से तो उन्होंने फरीदाबाद आकर भाजपा सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ था। वह फरीदाबाद से लोकसभा की टिकट मांगने लगे थे, परंतु उन्हें भी पता था कि गुर्जर के रहते भाजपा में उनकी दाल नहीं गलेगी| इसलिए वह भीतर ही भीतर कांग्रेस में भी लॉबिंग कर रहे थे| लेकिन कांग्रेस भी उन्हें दलबदलू होने की वजह से घास नहीं डाल रही थी। मगर प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने के बाद एक बार फिर भड़ाना ने कांग्रेस में शामिल होने के लिए लॉबिंग शुरू की। इस बार उनकी गोटी फिट हो गई और उन्हें प्रियंका की ओर से हरी झंडी भी मिल गई।

बताया जा रहा है कि आज शाम को 4:00 बजे लखनऊ में होने वाली प्रियंका की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अवतार भड़ाना के कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा हो जाएगी। भड़ाना की भाजपा से छुट्टी के बाद गुर्जर खेमे को बड़ी राहत मिलती दिखाई दे रही है। भाजपा में रहते हुए भड़ाना ने गुर्जर के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ था| गुर्जर का विरोधी गुट अवतार भड़ाना को हवा दिए हुए था लेकिन अब माना जा रहा है कि कांग्रेस में शामिल होने के बाद अवतार भड़ाना फरीदाबाद से पार्टी के दमदार प्रत्याशी हो सकते हैं। वैसे भी कांग्रेस के पास फरीदाबाद में लोकसभा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों का टोटा है| देखना अब यह भी है कि इस उलटफेर की चलते फरीदाबाद की राजनीति में क्या गुल खिलते हैं।

Updated : 14 Feb 2019 1:11 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top