Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > लखनऊ में मंत्रियों ने झाड़ू लगाकर किया जागरूक, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रयोग न करने की दिलाई शपथ

लखनऊ में मंत्रियों ने झाड़ू लगाकर किया जागरूक, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रयोग न करने की दिलाई शपथ

लखनऊ में मंत्रियों ने झाड़ू लगाकर किया जागरूक, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रयोग न करने की दिलाई शपथ
X

लखनऊ। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर योगी आदित्यनाथ के मंत्रियों ने विभिन्न मुहल्लों में झाड़ू लगाई और सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग न करने के लिए लोगों को शपथ दिलाई।

बुधवार सुबह योगी आदित्यनाथ के मंत्री और विधायक पहले से तय अपने इलाके में पहुंच गये और झाड़ू लगाना शुरू कर दिया। इसके बाद मंत्रियों ने वहां उपस्थित लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के कारण स्वच्छता अभियान में आ रही बाधा के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही लोगों को यह जानकारी दी कि यह प्लास्टिक कैसे पर्यावरण को प्रदूषित करने के साथ ही हमारे स्वास्थ्य को भी खराब कर रहा है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ के पुराने हैदराबाद चौराहे पर झाड़ू लगाई और एक-एक प्लास्टिक को अपने हाथों से उठाया। इसके बाद वे रोजमर्रा के सामान बेचने वाले एक-एक दुकानदार के पास गये। उन्हें सिंगल यूज प्लास्टिक का स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव के बारे में बताया और इसे प्रयोग न करने की अपील की। इसके साथ ही जगह-जगह सड़क किनारे पड़े सिंगल यूज प्लास्टिक की थैलियों को उठाकर कचरे के डिब्बे में डाला। इसके बाद उन्होंने वहां उपस्थित लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक प्रयोग न करने की शपथ दिलाई।

उप मुख्यमंत्री डाक्टर दिनेश शर्मा इस अवसर पर ऐशबाग वार्ड पहुंचे। उनके साथ मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी मौजूद थे। सभी लोगों ने सड़क पर झाड़ू लगाकर सड़क पर पड़े एक-एक सिंगल यूज प्लास्टिक को उठाकर कूड़ेदान में डाला और लोगों को इसका प्रयोग न करने की अपील की। लोगों को इसके दुष्प्रभावों के बारे में भी बताया।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नीलकंठ तिवारी सुबह ही जानकीपुरम सेक्टर एच के छुइयापुरवा में स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर झाड़ू लगायी। इसके साथ ही बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण एवं हमारे स्वास्थ्य के लिए सबसे ज्यादा घातक है। इससे कैंसर की संभावना ज्यादा रहती है। उन्होंने कहा कि जब तक इसका प्रयोग करना बंद नहीं होगा, तब तक स्वच्छता अभियान अधूरा ही रहेगा। इस कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका प्रयोग न करने का अभियान छेड़ा है। ऐसे में हम सभी को इसका प्रयोग न करने के लिए खुद जागरूक होते हुए अपने आस-पास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेन्द्र तिवारी ने अमीनाबाद इंटर कॉलेज में झाड़ू लगायी। वहां सुबह पहुंचकर उन्होंने लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में बताया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि खुद स्वस्थ रहना है तो सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग बंद करना होगा। इसके बिना स्वच्छता अभियान अधूरा है। झाड़ू लगाने और रोड से प्लास्टिक बिनने के बाद उन्होंने लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक प्रयोग न करने की शपथ दिलाई।

Updated : 2 Oct 2019 10:25 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top