Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > हिंसक प्रदर्शन से योगी नाराज, कहा - 'आगजनी के दोषियों की संपत्ति करेंगे जब्त

हिंसक प्रदर्शन से योगी नाराज, कहा - 'आगजनी के दोषियों की संपत्ति करेंगे जब्त

- मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की बैठक बुलाकर दिए उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

हिंसक प्रदर्शन से योगी नाराज, कहा - आगजनी के दोषियों की संपत्ति करेंगे जब्त
X

नई दिल्ली/लखनऊ। राजधानी लखनऊ और संभल समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न भागों में नागरिकता संशोधन एक्ट (सीएए) को लेकर गुरुवार को हुए बवाल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा है कि प्रशासन उपद्रवियों से सख्ती के साथ निपटेगा और उनकी सम्पत्ति से ही नुकसान की भरपाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में शाम को वरिष्ठ अधिकारियों की एक बैठक भी बुलाई और हिंसक प्रदर्शन पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर कुछ राजनीतिक दलों द्वारा प्रदेश में हिंसा फैलाने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन एक्ट से किसी को कोई नुकसान नहीं होगा। फिर भी विपक्ष के लोग अफवाह फैलाकर देश और प्रदेश में हिंसा फैलाना चाहते हैं। योगी ने कहा कि उनकी सरकार हिंसा को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। लखनऊ और संभल समेत प्रदेश के विभिन्न भागों में आज हुई हिंसा के वीडियो फुटेज से उपद्रवियों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने आगजनी और तोड़फोड़ की है, उनके साथ प्रशासन सख्ती से निपटेगा। उपद्रवियों की सम्पत्ति नीलाम करके सावर्जनिक सम्पत्ति के नुकसान की भरपाई की जाएगी।

नागरिकता संशोधन एक्ट को लेकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और संभल सहित राज्य के कई स्थानों पर आज हिंसक विरोध प्रदर्शन हुआ। लखनऊ में तो प्रदर्शनकारियों की उग्र भीड़ ने दो पुलिस चौकियों पर भी हमला बोलकर आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों में भी आग लगाई। परिवर्तन चौक, हजरतगंज, मदेयगंज, खदरा के बाद ठाकुरगंज में भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। उपद्रवियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को राजधानी में कई जगह लाठी चार्ज करना पड़ा। आंसू गैस के गोले भी दागे गये। संभल में प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज की बस में आग लगा दी और कई अन्य वाहनों को क्षतिग्रस्त किया।

Updated : 19 Dec 2019 2:39 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top