Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > स्वामी विवेकानन्द के बताये मार्ग पर चलें युवा

स्वामी विवेकानन्द के बताये मार्ग पर चलें युवा

स्वामी विवेकानन्द के बताये मार्ग पर चलें युवा
X

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को कहा कि युवा स्वामी विवेकानन्द के बताये रास्ते पर चलें। स्वामी जी ने विश्व में भारतीय संस्कृति का डंका बजाया था। उन्होंने कहा कि 11 सितम्बर को स्वामी विवेकानन्द ने शिकागो में दिये गये भाषण के माध्यम से भारत की संस्कृति से विश्व को परिचित कराया था। वह मंगलवार को झण्डेवाला पार्क अमीनाबाद में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया, कमल ज्योति पत्रिका के प्रबंध संपादक राजकुमार और कार्यक्रम के आयोजक पूर्व विधान परिषद सदस्य विन्ध्यवासिनी कुमार ने स्वामी विवेकानन्द के चित्र और प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया।

सिंह ने कहा कि अगर अटल बिहारी बाजपेई को 2004 में दुबारा मौका मिला होता तो आज पूरे विश्व में भारत की जय जयकार हो रही होती। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज स्वामी विवेकानन्द सपनों को पूरा करने में लगे हैं।

परिवहन मंत्री ने कहा कि जब स्वामी विवेकानन्द अमेरिका की धरती पर पहुँचे थे तब वहां के लोग उनका उपहास उड़ाते थे। उनके कपड़ों को देखकर लोग उनको धक्के देते थे। लेकिन जब किसी तरह उनको बोलने का मौका मिला तब उन्होंने अपनी वाणी से पूरे विश्व को आश्चर्यचकित कर दिया।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विश्व की सभी समस्याओं का समाधान शांति में ही निहित है। नक्सलवाद,माओवाद और आतंकवाद पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि यह सब समाप्त होना चाहिए।

महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि पहले इस पार्क में कूड़े का ढ़ेर था। नगर निगम ने इस पार्क का सुन्दरीकरण किया है। उन्होंने बताया कि यहां के हर आयोजन में हमारी सहभागिता रहती है।

विन्ध्यवासिनी कुमार ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द ने आज ही के दिन शिकागो में वेदान्त और अध्यात्म पर भाषण दिया था। इस पार्क के महत्ता के बारे में उन्होंने बताया कि इस पार्क में सुभाष चन्द्र बोस, नेहरू और अटल बिहारी बाजपेई जैसे महापुरूषों ने झण्डा रोहण किया है।

Updated : 11 Sep 2018 1:05 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top