Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > यूपी में अपराधियों के हौसले बुलंद

यूपी में अपराधियों के हौसले बुलंद

यूपी में अपराधियों के हौसले बुलंद
X

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लखनऊ के आलमबाग में डकैती की घटना भाजपा की नाकाम सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश कर रही है। भाजपा ने एक तरफ व्यापार को खत्म कर दिया है, दूसरी तरफ अनियंत्रित अपराध से व्यापारी खत्म हो रहे हैं। अब इस चुनाव में व्यापारी खुद ही भाजपा को खत्म कर देंगे।

अखिलेश ने रविवार को जारी बयान में कहा कि जब प्रदेश की राजधानी में ही कानून व्यवस्था की यह स्थिति है तो पूरे राज्य में स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। दो दिन पूर्व बस्ती में एक अधिवक्ता की हत्या से पूरा प्रदेश थर्राया हुआ है। चारों तरफ अराजकता का बोलबाला है। प्रदेश की भाजपा सरकार के दो वर्ष बाद भी कानून व्यवस्था पर कोई पकड़ नहीं बना सकी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आम जनमानस भय के वातावरण में जीने को मजबूर है। चोरी, डकैती, हत्या, लूट और बलात्कार की बढ़ती घटनाओं से उत्तर प्रदेश की छवि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर धूमिल हुई है। जिसके कारण प्रदेश के विकास की संभावनाओं की गति रूक गयी है। उत्तर प्रदेश सरकार की उदासीनता के कारण अपराधियों के हौसले बढ़ गये हैं। अपराध की घटनाओं पर रोक के नाम पर फर्जी एनकाउण्टर किया जा रहा है जिसमें निर्दोषों को फंसाया जा रहा है। सूबे में भाजपा के भय युक्त माहौल से निवेश और पर्यटन का क्षेत्र शिथिल पड़ गया है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा शासन में जान-माल की कोई सुरक्षा नहीं रह गयी है। जिसके कारण जनता आक्रोशित है। मुख्यमंत्री का कानून व्यवस्था को ठीक करने का दावा हवा-हवाई साबित हो गया है। जनता के साथ कानून के मुद्दे पर वादाखिलाफी का जवाब आगामी लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाकर जरूर देगी।

Updated : 3 March 2019 2:27 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top