परिवार ने लोकतंत्र का गला घोट दिया
X
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया है। कहा जिस परिवार ने लोकतंत्र का गला घोट दिया हो वो हम पर आरोप लगा रहे हैं। अखिलेश को अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए। आपकी सरकार से अनेकों गुना अच्छा काम हमारी सरकार कर रही है। वह केवल बयानों में आरोप लगाते हैं कभी अपने बयानों पर टिक नहीं पाते हैं। वर्तमान सरकार की छवि खराब करने के लिए बेबुनियाद बयान जारी करते रहते हैं।
श्रीकांत शर्मा शुक्रवार को अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने लोकतंत्र का गला घोंट दिया हो वो हम पर आरोप लगा रहे हैं। हमारी सरकार ने सपा बसपा सरकारों के अपराध के गठजोड़ को खत्म किया है। श्रीकांत ने कहा कि अखिलेश लोकतंत्र है जो अपनी बात कहिए सरकार पर तथ्यात्मक आरोप लगाइए झूठ की राजनीति मत करिए। आपका समाजवाद कैसा रहा है। अलीशान महलों में रहते थे। सच छुपता नहीं है, सामने आता है। उनके कारनामें जनता के सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में गोकशी की खुली छूट थी। किसी की दूध देने वाली गाय घर से खुल जाती थी तो 2 घंटे बाद गाय नहीं मिलती थी। ऐसी सरकारों को देने और चलाने वाले लोग अगर गाय की चिंता करें तो अच्छी बात है। ये एक बड़ा बदलाव है। अखिलेश पर तंज कसते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि जो व्यक्ति अपने परिवार को साथ लेकर न चल पाए वो दूसरों को नसीहत न दे। अगर उनके कारनामें खुलने लगे तो जवाब देते नहीं बनेगा।
भाजपा सरकार पर आरोप लगाना उनकी मानसिकता का परिचय देता है। अखिलेश ने बीजेपी सरकार पर निराधार आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया, बिचौलियों को खत्म किया, नौकरियों में पारदर्शी तरीके से काम किया। गन्ना किसानों ने खेती का रक़बा बढ़ाया।
मुख्यमंत्री के गन्ना न उगाने के बयान के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसको गलत तरीके से पेश किया जा रहा। मुख्यमंत्री ने किसानों को सुझाव दिया था कि किसान गेहूं और धान की भी खेती करें तो फ़ायदा हो सकता है। इन फसलों का भी एमएसपी पर तुरंत भुगतान किया जा रहा है।
दलित सेना के रावण को समय पूर्व रिहाई के एक सवाल पर उन्होंने कहा कि योगी सरकार का मकसद है प्रदेश में शांति व्यवस्था कायम रहे इसके लिए सरकार जो भी जरूरी है कर रही है। रावण की मां की ओर से आवेदन किया गया था। परीक्षण के बाद उनको बरी किया गया है।
मायावती का बिना नाम लिए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि हम ऐसे लोगों से आग्रह और आगाह करते हैं कि प्रदेश में जहर घोलने का कार्य न करें। रावण के भाजपा विरोधी बयान पर मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सबको बोलने का हक़ है लेकिन इतना ज़रूर कहेंगे कि इस सरकार में किसी तरह की हिंसा की जगह नहीं है।