Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > ईवीएम खराब होने पर मतदाताओं का हंगामा

ईवीएम खराब होने पर मतदाताओं का हंगामा

ईवीएम खराब होने पर मतदाताओं का हंगामा
X

लखनऊ। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में उत्तर प्रदेश की आठ संसदीय सीटों पर मतदान जारी है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बागपत, बिजनौर, कैराना और मेरठ में मतदान केन्द्रों पर मतदाता पहुंचने लगे हैं। वहीं कई स्थानों पर ईवीएम खराब होने पर मतदान प्रभावित भी हुआ। इस वजह से मतदाताओं ने हंगामा किया।

मेरठ में सांसद राजेंद्र अग्रवाल परिवार के साथ मास्टर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एफ ब्लॉक, कुटी चौराहा पर बने बूथ पर मतदान करने पहुंचे। इसके अलावा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर लक्ष्मीकांत वाजपेई फूटा कुआं छोटा आर्य समाज स्कूल, बुढ़ाना गेट पर मतदान करने पहुंचे। जनपद में मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद मतदान केन्द्र सेंट जोजफ संख्या 60 व 62 में ईवीएम खराब हुई। इसकी जानकारी पर पहुंचे एआरओ कमलेश गोयल ने बताया कि मेरठ दक्षिण क्षेत्र में भी कई बूथों पर ईवीएम और वीवीपैट बदली जा रही है।

वहीं, कंकरखेड़ा सनातन धर्म इंटर कॉलेज में बूथ नम्बर 106 पर एक घंटा देरी से मतदान शुरू हुआ। केवीएसएस स्कूल के 73, 74 संख्या बूथ पर ईवीएम खराब होने के कारण मतदान बाधित हुआ। किठौर विधानसभा की बिजौली के बूथ संख्या 46 की वोटिंग मशीन खराब होने से मतदान में रुकावट आई। बूथ संख्या न. 146 विधानसभा 49 पर विकासपुरी में 35 मिनट देरी से मतदान शुरू हुआ। ईवीएम खराब होने के कारण पोलिंग में देर हुई। देहात के जानी में बूथ नंबर 337 की ईवीएम खराब हो गई।

बिजनौर जनपद के आर्य समाज मंदिर में बूथ संख्या 264, 265, 276 पर ईवीएम खराब होने के चलते लगभग 45 मिनट मतदान प्रभावित रहा। आरजी कॉलेज में ईवीएम खराब तो वहीं कालागढ़ में बूथ संख्या 82 पर ईवीएम मशीन चालू न होने पर मतदान में देरी हो रही है। इसी तरह जीआईसी इंटर कॉलेज में ईवीएम मशीन खराब है। एक घंटे से ईवीएम मशीन बंद, लाइन में खड़े मतदाता परेशान, बूथ संख्या 337 पर ईवीएम खराब होने की जानकारी अभी हुई है।

बागपत के आदर्श नगला के बूथ संख्या 67 पर ईवीएम खराब हुई है। इस बूथ पर काफी देर तक मतदान शुरू नहीं हो सका। इससे मतदाताओं में रोष व्याप्त हो रहा है। वहीं, चंदायन में बूथ खाली पड़ा हुआ है। डीएवी कॉलेज मतदान केन्द्र में दोनों मशीने खराब होने पर अभी तक मतदान शुरु नहीं हो सका है। रटौल में भी दो ईवीएम खराब हुई हैं। बड़ौत के मतदाताओं ने वैदिक डिग्री कॉलेज में बनी बूथ संख्या 124, व 128 पर ईवीएम खराब होने पर हंगामा किया।

ग्रेटर नोएडा में बूथ संख्या 225 पर अभी तक मतदान शुरु नहीं हो सका है। मतदान केन्द्र लाइन में लगे मतदाता सुबह से परेशान हैं। मुजफ्फरनगर में बूथ संख्या 105 पर ईवीएम खराब होने पर मतदान शुरु नहीं हो सका है। इसके अलाव जनपद के जैन अतिथि भवन संख्या 95 पर भी ईवीएम खबर होने मतदाताओं को काफी समस्या का सामना करना पड़ा है। वहीं, दूसरी तरफ कस्बा बुढ़ाना के बवाना गांव में बूथ संख्या 125 पर भी ईवीएम खराब पाई गयी। मोरना ब्लॉक के गांव बेहड़ा सादात में बूथ संख्या 127 पर भी इवीएम सुबह से ही खराब रही जिसके चलते मतदान प्रभावित हुए है। मतदान में हो रही दिक्कतों को मतदाताओं में रोष व्याप्त है।

सहारनपुर में लगभग बारह ईवीएम खराब होने की जानकारी प्राप्त हुई है। एसएएम बूथ संख्या 87, 123, 216, 158 बूथ संख्या पर ईवीएम खराब है। विद्यापीठ कॉलेज में तीन ईवीएम खराब है। खलासी लाइन टैगोर विद्यापीठ में ईवीएम खराब होने की सूचना आ रही है। इसके अलावा कई मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब हैं। इसको लेकर मतदाताओं में निराशा देखने को मिल रही है।

वहीं मुजफ्फरनगर के भाजपा उम्मीदवार संजीव बालियान ने फर्जी मतदान की शिकायत चुनाव आयोग से की है। उन्होंने कहा कि सुजदे गांव में सुबह से ही फर्जी वोटिंग शुरु हो गयी हैं। गाजियाबाद के भाजपा प्रत्याशी जनरल वीके सिंह ने दूधेश्वर नाथ के दर्शन करने के बाद राजनगर में शिलर इंस्टीट्यूट में अपना मतदान किया। सहारनपुर छुटमल में मतदान केंद्र पर भारी संख्या में लोग मतदान करने पहुंचे।

Updated : 11 April 2019 6:11 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top