Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > मुख्यमंत्री ने एटा को दी करोड़ो की सौगात, कहा- उप्र में तेजी से हा रहा है विकास

मुख्यमंत्री ने एटा को दी करोड़ो की सौगात, कहा- उप्र में तेजी से हा रहा है विकास

मुख्यमंत्री ने एटा को दी करोड़ो की सौगात, कहा- उप्र में तेजी से हा रहा है विकास
X

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार सुबह एटा के मलावन में जवाहर तापीय परियोजना पहुंचे। उन्होंने 12 हजार करोड़ की लागत से बने मलावन स्थित जवाहर तापीय परियोजना में थर्मल पॉवर प्लांट का निरीक्षण किया। इसके बाद 419 करोड की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है। अमृत महोत्सव के हम साक्षी बन रहे हैं। यह यात्रा बहुत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि विधान सभा चुनाव के बाद पहली बार एटा आया हूं। एटा की जनता का चुनाव जिताने के लिए आभार व्यक्त करता हूं। एटा में इतना बड़ा संयंत्र लगाया गया है। इससे वर्ष 2023 तक बिजली उत्पादन शुरू होकर पहली यूनिट चालू हो जाएगी। इससे पूरे देश को बिजली मिलेगी। इससे विकास होगा और एटा को पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई नहीं सोचता था कि एटा में मेडिकल काॅलेज होगा। यहां मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है। वहीं जलेसर का जिक्र करते हुए कहा कि जलेसर के घंटे के बिना कोई धार्मिक अनुष्ठान पूरा नहीं होता है। अयोध्या में राम मंदिर के लिए यहां घंटा बन रहा है। इससे दुनिया में सनातन धर्म की आवाज सुनाई देगी। सीएम योगी ने कहा कि अमृत महोत्सव के हम साक्षी बन रहे हैं, ये यात्रा बहुत महत्वपूर्ण है।योगी ने कहा कि योजनाओं का लाभ आम जनमानस के बीच घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। कोरोना काल में दुनिया के विकसित देश पस्त हो रहे थे लेकिन भारत एकमात्र देश था जिसने अपने देशवासियों के जीवन और आजीवका को बचाने का कार्य किया। संकट के दौर में डबल इजंन की सरकार ने देश में 200 करोड़ और उत्तर प्रदेश में 39 करोड़ फ्री में वैक्सीन अब तक दी है। थर्मल पॉवर प्रोजेक्ट के लिए कोरोना काल में काम करने का संकट था लेकिन आज विश्वास है कि यह अगले वर्ष काम करना शुरू कर देगा।

मुख्यमंत्री ने रविवार 255 परियोजनाओं का लोकार्पण शिलान्यास करते हुए कहा कि इन योजनाओं में सड़क, स्वास्थ्य, चिकित्सा आदि हर क्षेत्र की हैं। युवाओं को स्मार्टफोन टैबलेट दिए जा रहे हैं। युवा अब स्मार्ट बन रहा है। उप्र आज सबसे युवा प्रदेश है। उप्र का युवा तकनीकी में स्मार्ट बने, इसीलिए सरकार इस कार्य को कर रही है। महिलाओं को निराश्रित पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन मिल रहा है। पीएम आवास योजना के तहत गरीबों को घर मिल रहा है। बेटियों के लिए कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना चलाई जा रही है। स्कूलों में ऑपरेशन कायाकल्प से आज प्राथमिक विद्यालयों की तस्वीर बदल रही है।

बीच की दलाली बंद हो गयी

केंद्र व राज्य सरकार की ढेर सारी योजनाएं चल रही हैं। बीच की दलाली अब बंद हो गई है। हर नागरिक को योजनाओ का लाभ मिल रहा है। जैसे आपके पूर्वजों ने जलेसर की घण्टे को दुनिया में पहचान दिलवाई, उसी तरह सरकार आपके जिले की पहचान विकास से करवाने के लिए तत्पर है। आज एटा की पहचान किसी माफिया, अपराधी से नहीं, विकास से हो रही है। सरकार माफियाओं अपराधियों के विरुद्ध ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री मलावन प्लांट से सीधे एटा के मेडिकल कालेज पहुंचकर निरीक्षण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इस दौरान अधिकारियों के अलावा सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया, अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, एटा सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, मारहरा विधायक वीरेन्द्र सिंह लोधी, जलेसर विधायक संजीव दिवाकर, हरनाथ सिंह यादव, एमएलसी आशीष यादव उर्फ आशू व अन्य सांसद, विधायक मौजूद रहे।

Updated : 27 Oct 2022 6:06 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top