Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > अयोध्या मामला सांस्कृतिक मुद्दा, इसे राजनीति से जोडना ठीक नहीं : कल्याण सिंह

अयोध्या मामला सांस्कृतिक मुद्दा, इसे राजनीति से जोडना ठीक नहीं : कल्याण सिंह

अयोध्या मामला सांस्कृतिक मुद्दा, इसे राजनीति से जोडना ठीक नहीं : कल्याण सिंह
X

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने सोमवार को यहां कहा कि राम जन्मभूमि एक सांस्कृतिक मुद्दा है,और इसे राजनीति से जोडऩा ठीक नहीं है। कल्याण सिंह ने अपने आवास पर पत्रकारों से कहा, हम राम मंदिर पर राजनीति नहीं करते हैं क्योंकि यह राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि सांस्कृतिक मुद्दा है। राम मंदिर आंदोलन के पहले दिन हमने जो सपना देखा था, वह अब पूरा हुआ है।

कल्याण ने कहा, सुप्रीम कोर्ट का इसे लेकर फैसला पूरी तरह न्यायसंगत व सर्वसमावेशी है। इसी कारण किसी ने भी इसके विरोध में आवाज नहीं उठाई है। कल्याण सिंह ने कहा, अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनना चाहिए। मंदिर बनने के साथ ही अयोध्या का संपूर्ण विकास होना चाहिए। मस्जिद के लिए पांच एकड़ जमीन देने पर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने न्याय और कानून का पालन किया है, साथ ही समाज की एकता व अखंडता का भी ध्यान रखा है।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के पहले दिन जो संकल्पना लोगों ने बनाई थी, वह पूरी होने जा रही है। देश में नौ नवंबर, 2019 एक ऐतिहासिक दिन था। इस दिन 500 वर्ष पुराने विवाद का खात्मा हुआ। राजस्थान के पूर्व राज्यपाल ने कहा कि वहां पर राम के साथ अयोध्या का विकास होना चाहिए। मैं अयोध्या जरूर जाऊंगा। मैं पहले दिन से ही राम भक्त हूं।

उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित हैं। इस मंदिर के शिलान्यास में मैं जाऊं या योगी आदित्यनाथ जाएं, अब यह कोई मसला नहीं है। मैं तो अब जल्द अयोध्या जाऊंगा पर अभी तारीख तय नहीं है। अब तो अयोध्या फैसले को जीत और हार के रूप में नहीं देखना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने ट्रस्ट बनाने का निर्देश दिया है।

इस ट्रस्ट को बनाना सरकार का काम है। अब कौन इसमें रहेगा कौन नहीं, यह सरकार तय करेगी। कल्याण सिंह ने इस दौरान बाबरी विध्वंस केस पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उल्लेखनीय है कि कल्याण के मुख्यमंत्रित्व काल में ही विवादित ढांचे को ढहाया गया था। तो क्या कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति के चलते विवादित ढांचा गिरा?

कल्याण सिंह ने कहा, मामले की जांच सीबीआई ने की है। अभी मामला कोर्ट में है। जिसमें लाल कृष्ण आडवाणी, उमा भारती, विनय कटियार आदि बड़े नेता आरोपी हैं। मेरे खिलाफ 47 गवाहों की सूची सीबीआई ने पेश की है, जिनमें अभी सात की सुनवाई हुई है। इस पर अभी मैं कुछ नही कहूंगा।

Updated : 11 Nov 2019 2:32 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top