Home > राज्य > उत्तरप्रदेश > लखनऊ > अखिलेश का सीएम योगी पर तंज, कहा - सरकार ढाई साल में ढाई कोस भी नहीं चल सकी

अखिलेश का सीएम योगी पर तंज, कहा - सरकार ढाई साल में ढाई कोस भी नहीं चल सकी

अखिलेश का सीएम योगी पर तंज, कहा - सरकार ढाई साल में ढाई कोस भी नहीं चल सकी
X

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि इस सरकार के पिछले ढ़ाई साल के कार्यकाल में प्रदेश में अराजकता का माहौल रहा। अखिलेश ने कहा कि भाजपा के लोग कहते थे कि डबल इंजन वाली सरकार बड़ी तेज चलेगी। हम लोग भी समझ रहे थे कि डबल इंजन की सरकार है, कुछ तेजी दिखायेगी लेकिन, योगी की सरकार बैलगाड़ी की ही रफ्तार से चल पा रही है। यह सरकार ढाई साल में ढाई कोस भी नहीं चल सकी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास के नाम पर कुछ भी नहीं हो रहा है। योगी सरकार सपा शासन काल में शुरु हुई योजनाओं का ही उद्घाटन कर अपनी पीठ थपथपा रही है। अखिलेश ने कहा कि कार्यकाल के ढ़ाई साल बीतने पर योगी सरकार अपने सभी झूठ पर जश्न मना रही है। कानून व्यवस्था को लेकर भी अखिलेश ने योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई साल में उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा हत्याएं हुई हैं। हिरासत में मौतों का आंकड़ा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पिछले ढ़ाई वर्ष में पूरी तरह बेपटरी रही। बहू-बेटियां असुरक्षित रहीं। अराजकता, लूट खसोट और असुरक्षा के माहौल से प्रदेश का आम नागरिक परेशान है और सरकार कानून व्यवस्था पर नियंत्रण का झूठा ढिढोरा पीट रही है। उन्होंने कहा कि बलात्कार व छोटी बच्चियों के साथ घटनाओं पर उच्चतम न्यायालय तक को संज्ञान लेना पड़ा।

अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री झूठे आंकड़े दे रहे हैं। न तो नौजवानों को नौकरी मिली और न ही किसानों का भला हुआ। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की बात कर रहे हैं लेकिन यह कैसे होगा इसको नहीं बताते। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई व्यापार चल नहीं रहा है। निवेश भी नहीं आ रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री की बात केवल हवा में ही दिखाई दे रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने कार्यकाल के ढाई साल बीतने पर आज अपने सरकारी आवास पर एक पत्रकार वार्ता आयोजित कर कहा कि उनकी सरकार ने इस दौरान प्रदेश को सुशासन, विकास और विश्वास दिया अब बाकि ढाई वर्ष में राज्य की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचानी है। योगी की पत्रकार वार्ता के ठीक बाद अखिलेश यादव ने सपा कार्यलय में प्रेस कांफ्रेंस बुलाकर योगी सरकार पर तंज कसा और कहा कि यह सरकार ढाई साल में ढाई कोस भी नहीं चल सकी।

Updated : 19 Sep 2019 2:12 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top