नागपुर से गोवा जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत। नागपुर-मडगांव एक्सप्रेस अब नियमित रूप से चलेगी। जानिए ट्रेन का नया टाइम टेबल, रूट और किन दिनों में मिलेगी सुविधा।
गोवा घूमने की प्लानिंग कर रहे यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। नागपुर और गोवा के बीच चलने वाली Nagpur–Madgaon Express को अब नियमित एक्सप्रेस ट्रेन का दर्जा मिल गया है। केंद्रीय मंत्री Nitin Gadkari ने शनिवार को नागपुर रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई।
अब तक यह ट्रेन स्पेशल सेवा के तौर पर चलाई जा रही थी, लेकिन यात्रियों की बढ़ती मांग और लगातार मिल रहे अच्छे रिस्पॉन्स के बाद रेलवे बोर्ड ने इसे स्थायी रूप से नियमित करने का फैसला लिया है ।
सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन
रेलवे के मुताबिक यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। ट्रेन नंबर 11203 नागपुर से मडगांव (गोवा) के लिए हर बुधवार और शनिवार को रवाना होगी।
वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 11204 मडगांव से नागपुर के लिए हर रविवार और गुरुवार को चलेगी। इससे विदर्भ और कोंकण क्षेत्र के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
अब कम खर्च में पहुंच सकेंगे गोवा
दरअसल, नागपुर और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग छुट्टियां बिताने या धार्मिक यात्रा के लिए गोवा और कोंकण क्षेत्र जाते हैं। लेकिन सीधी ट्रेन सुविधा सीमित होने के कारण यात्रियों को महंगा हवाई सफर या लंबा रूट चुनना पड़ता था।
ऐसे में यह नई नियमित ट्रेन मध्यम वर्ग के यात्रियों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले वेकेशन सीजन में गोवा जाने वाले यात्रियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।
पर्यटन और कारोबार को भी मिलेगा फायदा
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस ट्रेन सेवा से सिर्फ पर्यटन ही नहीं, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। नागपुर, विदर्भ और गोवा के बीच लोगों की आवाजाही आसान होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी सकारात्मक असर पड़ सकता है।
फिलहाल ट्रेन के विस्तृत स्टॉपेज और समय सारिणी को लेकर रेलवे जल्द विस्तृत अपडेट जारी कर सकता है।