राशन कार्ड गुम या चोरी हो गया है तो घबराने की जरूरत नहीं। एफआईआर के बाद ऑनलाइन या ऑफलाइन तरीके से डुप्लीकेट राशन कार्ड बनवाया जा सकता है।
राशन कार्ड सरकार की कई योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी दस्तावेज है। अगर यह गुम या चोरी हो जाए तो इसका डुप्लीकेट कार्ड बनवाया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले कुछ जरूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
पहले पुलिस में दर्ज कराएं शिकायत
राशन कार्ड गुम या चोरी होने पर सबसे पहले नजदीकी पुलिस स्टेशन में इसकी एफआईआर दर्ज करवाएं। एफआईआर की कॉपी अपने पास जरूर रखें, क्योंकि डुप्लीकेट राशन कार्ड के लिए इसकी जरूरत पड़ सकती है।
ऑनलाइन डुप्लीकेट राशन कार्ड कैसे बनवाएं
डुप्लीकेट राशन कार्ड के लिए अपने राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। यहां डुप्लीकेट राशन कार्ड से जुड़ा विकल्प चुनें और मांगी गई जानकारी भरें। इसके बाद आधार कार्ड और एफआईआर की स्कैन कॉपी जैसे जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। फॉर्म सबमिट करने के बाद विभाग आवेदन की जांच करता है। सबकुछ सही पाए जाने पर कुछ दिनों में डुप्लीकेट राशन कार्ड जारी किया जा सकता है।
ऑफलाइन आवेदन का तरीका
ऑफलाइन आवेदन के लिए अपने जिले के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कार्यालय जाएं। वहां डुप्लीकेट राशन कार्ड का फॉर्म लेकर उसे भरें। फॉर्म के साथ जरूरी दस्तावेज और एफआईआर की कॉपी लगाकर जमा करें। इसके बाद निर्धारित फीस जमा करनी होती है। फीस राज्य के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। आवेदन और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद डुप्लीकेट राशन कार्ड तैयार किया जाता है। इसे संबंधित राशन कार्यालय या सरकारी राशन की दुकान से प्राप्त किया जा सकता है।