बुलंदशहर हिंसा के बाद हटाए गए एसएसपी, प्रभाकर चौधरी नये कप्तान

बुलंदशहर हिंसा के बाद हटाए गए एसएसपी, प्रभाकर चौधरी नये कप्तान
X

लखनऊ। बुलंदशहर हिंसा के मामले में एडीजी इंटेलिजेंस की रिपोर्ट के बाद शासन ने कार्रवाई शुरु कर दी है। इस मामले में लापरवाही बरतने पर शनिवार को बुलंदशहर के एसएसपी कृष्ण बहादुर सिंह को हटा दिया गया है। उनकी जगह सीतापुर के तेज तर्रार पुलिस प्रभाकर चौधरी को जिले का नया कप्तान बनाया गया है। इससे पहले स्याना क्षेत्राधिकारी व चौकी इंचार्ज को हटाया था।

शुक्रवार देर रात पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने एडीजी इंटेलीजेंस एसबी शिरोडकर की जांच रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपी थीं। रिपोर्ट में सीओ सत्यप्रकाश शर्मा व चौकी प्रभारी सुरेश कुमार की लापरवाही सामने आयी और उन पर गाज गिरनी तय मानी जा रही थी। इस घटना को लेकर पहले ही मुख्यमंत्री का रवैया सख्त दिखा। वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दे चुके हैं।

इसके बाद शनिवार को जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कृष्ण बहादुर सिंह को हटा दिया गया है। उन्हें पुलिस मुख्यालय से सम्बद्ध कर दिया गया है। जबकि सीतापुर के एसपी प्रभाकर चौधरी को बुलंदशहर का नया कप्तान बनाया गया है। इससे पहले प्रभाकर चौधरी मथुरा एसएसपी, एटीएस में भी काम कर चुके है। वे तेज तर्रार अधिकारियों में गिने जाते है। उधर, सीतापुर में डीजीपी कार्यालय में सम्बद्ध एलआर कुमार को सीतापुर का नया एसपी बनाया गया है।

गौरतलब है कि बुलंदशहर हिंसा के मामले में अभी तक पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारियां वीडियो व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई है। इस हिंसा में मुख्य आरोपी बनाये गए बजरंग दल का जिला संयोजक योगेश राज अभी फरार है। उसने सोशल मीडिया में वीडियो वायरल कर खुद को निर्दोष बताया था।

Tags

Next Story