Home > राज्य > सिक्किम के लिए आज का दिन ऐतिहासिक

सिक्किम के लिए आज का दिन ऐतिहासिक

सिक्किम के लिए आज का दिन ऐतिहासिक
X

गंगटोक/स्वदेश वेब डेस्क। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को पूर्व जिले के पाक्योंग स्थित हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। हवाई अड्डा उद्घाटन के बाद स्थानीय संत जेवियर्स स्कूल के खेल मैदान में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पवन चामलिंग ने कहा कि आज का दिन सिक्किम के लिए केवल ऐतिहासिक नहीं बल्कि गौरव का दिन भी है।

उन्होंने कहा कि आज से सिक्किम देश के हवाई मानचित्र में शामिल हो गया। इस ऐतिहासिक तोहफा के लिए प्रधानमंत्री को सिक्किम के जनता की ओर से मैं बधाई और धन्यवाद देना चाहता हूं। प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चामलिंग ने कहा कि आप केवल देश के प्रधानमंत्री नहीं बल्कि विश्व के चर्चित महानायक हैं। देश को आप जैसा प्रधानमंत्री मिला, यह देशवाशियों का सौभाग्य है। आपके सबल नेतृत्व के कारण देश का सम्मान बढ़ा है। विश्व आज भारत को सम्मान की नजर से देखता है।

उन्होंने कहा कि सिक्किम एक सीमावर्ती संवेदनशील राज्य है। सिक्किम नेपाल, चीन और भूटान के अंतरराष्ट्रीय सीमा से ​घिरा राज्य होते हुए भी आतंकवाद मुक्त, सर्वाधिक शांत और विकासशील राज्य है। यहां के लोगों में सांप्रदायिक सद्भाव और देशभक्ति कूट-कूटकर भरी है। सिक्किम देश और दुनिया के लिए एक मिसाल है।

मुख्यमंत्री ने 17वें कर्मापा उगेन थिंले दोर्जी को सिक्किम आने की अनुमति देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार प्रकट किया। इसी क्रम में उन्होंने लिम्बू और तमांग समुदाय के लिए सिक्किम विधानसभा में सीट आरक्षण और 11 छोटे समुदायों को जनजाति की मान्यता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव के पूर्व ही विधानसभा में लिम्बू और तमांग के लिए सीट आरक्षण की मांग की। उन्होंने कहा कि सिक्किम की जनता की उम्मीदें आप (प्रधानमंत्री) पर टिकी हैं।

इससे पहले सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु ने पाक्योंग हवाई अड्डे के उद्घाटन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सिक्किम की जनता को उपहार देने के लिए प्रधानमंत्री स्वयं उपस्थित हुए हैं। उन्होंने कहा कि सिक्किम की जनता आज के दिन का इंतजार कर रही थी। सिक्किम के लोग चाहते थे कि उनका भी अपना हवाई अड्डा हो। उन्होंने कहा कि इस हवाई अड्डे के संचालन से अब राज्य में चल रहे जैविक कृषि अभियान को भी फायदा पहुंचेगा।

उन्होंने कहा कि सिक्किम में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। अब और सहज रूप में पर्यटक सिक्किम आ सकेंगे। इससे सिक्किम को पर्यटन के विकास में फायदा पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री के कारण संभव हो पाया है। यह एयरपोर्ट देश का 100वां एयरपोर्ट है। उन्होंने आगामी 10-15 सालों में देश में और हवाई अड्डा निर्माण करने की जानकारी दी। उन्होंने जानकारी दी कि स्पाइस जेट पाक्योंग के लिए कोलकाता और गुवाहाटी से सेवा शुरू कर रही है।

Updated : 24 Sep 2018 2:40 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top