Home > राज्य > अन्य > दुर्ग में 47 लाख के इनामी माओवादी नेता ने किया सरेंडर

दुर्ग में 47 लाख के इनामी माओवादी नेता ने किया सरेंडर

दुर्ग में 47 लाख के इनामी माओवादी नेता ने किया सरेंडर
X

दुर्ग/रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दुर्ग में 47 लाख के इनामी नक्सली नेता पहाड़ सिंह ने गुरुवार को दुर्ग रेंज के आईजी जीपी सिंह के सामने समर्पण कर दिया। पहाड़ सिंह मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य भी है। समर्पण के लिहाज यह अब तक की सबसे बड़ी इनामी राशि वाले नक्सली का सरेंडर माना जा रहा है।

दुर्ग आईजी जीपी सिंह ने बताया कि आज आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली पहाड़ सिंह पर छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र सरकार ने कुल 47 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। इसमें 25 लाख रुपये की इनामी राशि तो अकेले छत्तीसगढ़ सरकार ने घोषित की थी।

हालांकि पहाड़ सिंह ने बिना हथियार के ही सरेंडर किया है लेकिन उसके साथ 3 गनमैन सुरक्षा में तैनात रहते थे, लिहाजा वो हथियार के साथ नहीं निकल सका। दुर्ग रेंज के आईजी ने कहा कि नक्सली कमांडर का आत्मसमर्पण पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी है, इससे नक्सल संगठन की कमर टूटेगी।

करीब 20 सालों से पहाड़ सिंह नक्सल संगठन से जुड़ा हुआ था। वह मूल रूप से राजनांदगांव के छुरिया का रहने वाला था। उस पर कई बड़े मामले दर्ज हैं। वह पुलिस पार्टी पर हमला, हथियार लूट, ग्रामीणों में दहशत फैलाने जैसी तमाम वारदातों में शामिल रहा है। पूछताछ में माओवादी नेता ने बताया कि वो कवर्धा इलाके में सक्रिय था और भोरमदेव, कान्हा इलाके में नक्सली विस्तार काम में लगा था।

Updated : 23 Aug 2018 5:13 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top