Home > राज्य > अन्य > लोहरदगा में छठे दिन भी कर्फ्यू जारी, उपद्रवियों ने ट्रक में लगाई आग

लोहरदगा में छठे दिन भी कर्फ्यू जारी, उपद्रवियों ने ट्रक में लगाई आग

लोहरदगा में छठे दिन भी कर्फ्यू जारी, उपद्रवियों ने ट्रक में लगाई आग
X

रांची। लोहरदगा में तिरंगा यात्रा के दौरान हुई हिंसक घटना के बाद जिले में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए छठे दिन मंगलवार को भी कर्फ्यू जारी है। हालांकि बीती रात उपद्रवियों ने एक ट्रक में आग लगाकर माहौल फिर से खराब करने की कोशिश की लेकिन समय रहते इस पर नियंत्रण पा लिया गया। आज छठे दिन कर्फ्यू में कोई भी ढील नहीं दी गई है। एसपी प्रियदर्शी आलोक ने बताया कि पूरे जिले में कर्फ्यू जारी है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल के जवान तैनात है। सीआरपीएफ को भी लगाया गया है।

उपद्रवियों ने ट्रक में लगाई आग

बताया जाता है कि उपद्रवियों ने सोमवार देर रात एक बार फिर से लोहरदगा में हिंसा भड़काने की कोशिश की। पतराटोली में वार्ड पार्षद कमला देवी के घर के समीप खड़े ट्रक ( ओआर 09 के03 33) को जलाने की कोशिश की गयी। इस क्रम में ट्रक में आग पकड़ ही रही थी कि किसी प्रकार से स्थानीय पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी गयी। पुलिस प्रशासन ने अग्निशमन विभाग के वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझा दी गई। प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी की सक्रियता से ट्रक पूरी तरह से जलने से बच गया और बड़ा हादसा होने से टल गया। आगजनी की घटना में ट्रक का अगला हिस्सा जल गया। ट्रक जहां पर खड़ा था, उसके पीछे एक जेसीबी वाहन भी खड़ा था। पुलिस की सक्रियता ने एक बड़ी घटना होने से पहले ही उपद्रवियों के मंसूबों को पानी फेर दिया।

उल्लेखनीय है कि लोहरदगा के ललित नारायण स्टेडियम में बीते गुरुवार को दिन के 11 बजे नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के समर्थन में रैली निकाली गयी थी। रैली को शहर के मुख्य सड़क से होते हुए समाहणालय मैदान पहुंचना था। रैली में शामिल लोग नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे थे। उपायुक्त और एसपी खुद इस रैली के साथ चल रहे थे। रैली जब दिन के 11.30 बजे अमलाटोली के पास गुजरी, तो विरोधी गुट के लोगों ने रैली में शामिल लोगों पर ताबड़तोड़ ईंट-पत्थर फेंकना शुरु कर दिया था, जिससे स्थिति बिगड़ गयी थी। उपद्रवियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया था। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। स्थिति जब पूरी तरह से बिगड़ने लगी तो पुलिस ने लगभग 100 राउंड फायरिंग भी की थी। इसके बाद स्थिति को देखते हुए कर्फ्यू लगा दिया गया था। घटना में कई लोग घायल हुए थे।

एक घायल ने दम तोड़ा

बीते गुरुवार को रैली निकाल रहे लोगों पर हुए पथराव के दौरान घायल हुए नीरज राम प्रजापति की सोमवार को रांची के रिम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह अपर बाजार लोहरदगा के रहने वाले थे। तीन अन्य गंभीर घायलों का इलाज अब भी रिम्स में जारी है।

Updated : 28 Jan 2020 9:48 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top