Home > राज्य > अन्य > झारखंड : तीसरे चरण की 17 सीटों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न, वोटिंग 62%

झारखंड : तीसरे चरण की 17 सीटों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न, वोटिंग 62%

- सबसे ज्यादा मतदान सिल्ली 76.98 और सबसे कम 49.01 % रांची में - रांची, कांके, हटिया, रामगढ़ और बरकट्ठा में शाम 5 बजे तक हुई वोटिंग - सुबह 7 से 9 बजे तक प्रारंभिक दो घंटों में 13.05 % वोटिंग - पूर्वाह्न 11 बजे तक 29.44 प्रतिशत हुआ था मतदान - दोपहर एक बजे तक 45.14 फीसदी मतदान - अपराह्न 3 बजे तक 57.48 फीसदी मतदान - तीसरे चरण में थे 309 उम्मीदवार, 32 महिलाएं

रांची। झारखंड में गुरुवार को तीसरे चरण की 17 विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो गया। कहीं किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। शाम 5 बजे तक 62 फीसदी मतदान हुआ। 2014 विधानसभा चुनाव में भी इन सीटों पर 62 फीसदी वोटिंग रिकॉर्ड की गई थी। इन विधानसभा क्षेत्रों में सबसे ज्यादा सिल्ली में 76.98 और सबसे कम रांची में 49.01 प्रतिशत मतदान हुआ। 17 विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हो गई। सुबह 7-9 बजे तक प्रारंभिक दो घंटों में 13.05 फीसदी वोटिंग हुई थी। सुबह 9 से 11 बजे तक चार घंटों में 29.44 फीसदी वोटिंग हुई थी। दोपहर एक बजे तक 45.14 फीसदी मतदान हुआ, जबकि अपराह्न 3 बजे तक 57.48 फीसदी मतदान हुआ था।

राजधानी रांची में भी इसी चरण में मतदान हुआ। 17 में से पांच सीटों पर सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। इस चरण में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, नगर विकास मंत्री सीपी सिंह समेत कई दिग्गजों की चुनावी किस्मत ईवीएम में कैद हो गयी। कई बूथों पर पहले मतदान करने को लेकर लोगों की लाइन सुबह छह बजे से ही लगने लगी थी। रांची, रामगढ़, हजारीबाग और सिमरिया के कुछ बूथों पर ईवीएम की खराबी की छिटपुट शिकायतें जरूर मिलीं। इसके अलावा दो-तीन बूथों पर बिजली व्यवस्था नहीं होने की भी शिकायतें मिली थी, जिसे दूर कर लिया गया।

चुनाव के तीसरे चरण में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष चौकसी बरती गई। पहले और दूसरे चरण में हुई हिंसक झड़प को देखते हुए संवेदनशील इलाकों के मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों के साथ ही जिला पुलिस की भी तैनाती की गई थी। रांची, हटिया, कांके, रामगढ़ और बरकठ्ठा में सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। वहीं शेष 12 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात से अपराह्न तीन बजे तक वोटिंग हुई।

कहां कितना मतदान

कोडरमा- 58.02%

बरकट्ठा- 61.18%

बरही- 63.04%

बड़कागांव- 64.53%

रामगढ़- 70.05%

मांडू- 62.41%

हजारीबाग- 57,18%

सिमरिया- 62.00%

धनवार- 59.86%

गोमियां- 67.18%

बेरमो- 61.13%

ईचागढ़- 73.11%

सिल्ली- 76.98%

खिजरी- 63.09%

रांची- 49.01%

हटिया- 53.63%

कांके- 62.83%

तीसरे चरण में थे 309 उम्मीदवार

तीसरे चरण में 17 विधानसभा क्षेत्रों पर कुल 309 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। सबसे ज्यादा 31 उम्मीदवार ईचागढ़ और सबसे कम 12.12 उम्मीदवार रांची और कांके विधानसभा सीट पर थे।

32 महिला उम्मीदवार

तीसरे चरण की 17 सीटों पर 32 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उनमें कोडरमा में 2, बरही में 1, बड़कागांव में 4, रामगढ़ में 4, मांडू में 2, हजारीबाग में 1, गोमिया में 1, बेरमो में 2, ईचागढ़ में 1, सिल्ली में 1, खिजरी में 4, रांची में 4, हटिया में 4 और कांके में 1 महिला उम्मीदवार हैं।

इन सीटों पर हुआ मतदान

तीसरे चरण के चुनाव में जिन सीटों पर वोट डाले गए उनमें कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बड़कागांव, रामगढ़, मांडू, हजारीबाग, सिमरिया, धनवार, गोमिया, बेरमो, ईचागढ़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया और कांके शामिल हैं।

इन दिग्गजों की साख दांव पर

तीसरे चरण में आजसू प्रमुख सुदेश महतो, मंत्री सीपी सिंह, मंत्री नीरा यादव, पूर्व आईपीएस लक्ष्मण सिंह, नवीन जायसवाल, पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी जैसे दिग्गज उम्मीदवार थे।

2014 में 17 में से 10 सीटों पर भाजपा का कब्जा

2014 के विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण की 17 विधानसभा सीटों में से 10 पर भाजपा ने कब्जा जमाया था और एक सीट आजसू पार्टी को मिली थी। वहीं, दो सीट पर कांग्रेस, तीन पर झामुमो और एक पर भाकपा माले के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी।

8 विधानसभा सीटों पर सीधा मुकाबला

सिल्लीः सुदेश महतो (आजसू) और सीमा देवी (झामुमो)।

खिजरीः राजकुमार पाहन (भाजपा) और राजेश कच्छप (कांग्रेस)।

हजारीबागः मनीष जायसवाल (भाजपा) और डॉ. रामचंद्र प्रसाद (कांग्रेस)।

बरहीः मनोज कुमार यादव (;भाजपा) और उमाशंकर अकेला (कांग्रेस)।

सिमरियाः किशुन कुमार दास (भाजपा) और योगेंद्र नाथ बैठा (कांग्रेस)।

हटियाः नवीन जायसवाल (भाजपा) और अजय नाथ शाहदेव (कांग्रेस)।

रांचीः सीपी सिंह (भाजपा) और महुआ माजी (झामुमो)।

कांकेः समरी लाल (भाजपा) और सुरेश कुमार बैठा (कांग्रेस)।

6 विधानसभा सीटों पर त्रिकोणीय संघर्ष

कोडरमाः डॉ. नीरा यादव (भाजपा), अमिताभ कुमार (राजद) और शालिनी गुप्ता (आजसू)।

बड़कागांवः लोकनाथ महतो (भाजपा), अंबा प्रसाद (कांग्रेस) और रोशनलाल चौधरी (आजसू)।

रामगढ़ः सुनीता चौधरी (आजसू), ममता देवी (कांग्रेस) और रणंजय कुमार (भाजपा)।

बरकट्‌ठाः जानकी प्रसाद यादव (भाजपा), मो. खलील (राजद) और बटेश्वर प्रसाद मेहता (झाविमो)।

मांडूः जयप्रकाश भाई पटेल (भाजपा), रामप्रकाश पटेल (झामुमो) और कुमार महेश सिंह (निर्दलीय)।

बेरमोः योगेश्वर महतो (भाजपा) और राजेंद्र प्रसाद सिंह (कांग्रेस) और काशीनाथ सिंह (आजसू)।

दो सीट ईचागढ़ और गोमिया में चतुष्कोणीय मुकाबला

ईचागढ़ः साधुचरण महतो (भाजपा), सबिता महतो (झामुमो) और अरविंद कुमार सिंह (निर्दलीय)।

गोमियाः लक्ष्मण कुमार नायक (भाजपा), बबिता देवी (झामुमो), लंबोदन महतो (आजसू) और माधवलाल सिंह (निर्दलीय)।

एक सीट धनवार में बहुकोणीय मुकाबला

धनवारः लक्ष्मण सिंह (भाजपा), बाबूलाल मरांडी (झाविमो), निजामुद्दीन अंसारी (झामुमो), राजकुमार यादव (भाकपा माले) और अनूप संथालिया (निर्दलीय)।

Updated : 12 Dec 2019 1:35 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top