Home > राज्य > छत्तीसगढ़ : दंतेवाड़ा में नक्सलियों से मुठभेड़ में 2 जवान शहीद, 2 घायल

छत्तीसगढ़ : दंतेवाड़ा में नक्सलियों से मुठभेड़ में 2 जवान शहीद, 2 घायल

मुठभेड़ की लाइव कवरेज कर रहे दूरदर्शन के फोटोग्राफर की भी गोली लगने से मौत

छत्तीसगढ़ :  दंतेवाड़ा में नक्सलियों से मुठभेड़ में 2 जवान शहीद, 2 घायल
X

नई दिल्ली/स्वदेश वेब डेस्क। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार की सुबह पुलिस व नक्सलियों के मध्य हुई मुठभेड़ में सब इंस्पेक्टर रूद्रप्रताप सिंह एवं सहायक आरक्षक मंगलराम साहू शहीद हो गए| हमले में दो जवान आरक्षक विष्णु नेताम एवं सहायक आरक्षक राकेश कौशल गंभीर रूप से जख्मी हो गये हैं| उन्हें दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया जा रहा है। मुठभेड़ में कवरेज के लिए गए दिल्ली से आए दूरदर्शन चैनल के फोटोग्राफर अच्युतानंद भी नक्सली गोली से मारे गए हैं। मीडिया टीम मौके पर ही फंसी हुई है।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक अरनपुर थाने से पुलिस का संयुक्त बल चुनाव की सुरक्षा के मद्देनजर रोड ओपनिंग एवं गश्त सर्चिंंग के लिए रवाना हुआ था। ग्राम नीलावाया के निकट जंगल मेें घात लगाए नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फौरन मोर्चा संभालते हुए गोलीबारी की। लगभग एक घंटे की मुठभेड़ के बाद अंतत: नक्सली घने जंगल और पहाड़ी की आड़ लेकर भाग गए।

नक्सली गोलीबारी में सब इंस्पेक्टर रूद्रप्रताप सिंह एवं सहायक आरक्षक मंगलराम मौके पर ही शहीद हो गए, जबकि दो जवान आरक्षक विष्णु नेताम एवं सहायक आरक्षक राकेश कौशल गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। मुठभेड़ में कवरेज के लिए गए दूरदर्शन चैनल के फोटोग्राफर अच्युतानंद भी नक्सली गोली से मारे गए हैं। कैमरामैन का कैमरा नक्सली लूटकर ले गए हैं। मीडिया टीम फिलहाल मौके पर ही फंसी हुई है।

दो जवानों की शहादत व 2 के घायल होने की पुष्टि करते हुए बस्तर आईजी विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि हमलावर नक्सलियों की तलाश में पुलिस पार्टियां रवाना कर दी गयी हैं| साथ ही इलाके में गश्त सर्चिंग तेज कर दी गयी है। उन्होंने बताया कि पुलिस की तगड़ी जवाबी कार्रवाई की वजह से नक्सली जवानों के हथियार नहीं लूट पाए। उन्होंने पत्रकार के निधन की भी पुष्टि की। सिन्हा ने बताया कि शहीदों के शव जिला मुख्यालय लाए गए हैं।

यहां यह उल्लेख करना लाजिमी होगा कि शनिवार को ही नक्सलियों ने बीजापुर जिले के मुरदोंडा इलाके में बारूदी सुरंग विस्फोट कर दिया था, जिसमें अस्पताल से लौट रहे सीआरपीएफ 168वीं बटालियन के 5 जवान शहीद और दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे।


Updated : 30 Oct 2018 3:35 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top