दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में वैभव सूर्यवंशी 40 रन बनाकर आउट हुए। यश ठाकुर की गेंद पर रजत पाटीदार ने शानदार कैच पकड़ा।
क्रिकेट। दलीप ट्रॉफी 2026 के बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 में खेले जा रहे पहले सेमीफाइनल में ईस्ट जोन के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद थी। वहीं, पहली पारी में 92 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी दूसरी पारी में भी अच्छी लय में नजर आ रहे थे। लेकिन 40 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके साथ ही वैभव से बड़ी पारी की आस लगाए फैंस को फिर निराशा मिली।
वैभव ने ओवर में निकाले 18 रन
ईस्ट जोन के 159 रनों के लक्ष्य का पीछा करने की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने की थी। वैभव ने पारी की शुरुआत संभलकर की, लेकिन क्रीज पर जमने के बादि उन्होंने तेजी से रन बनाने शुरू कर दिए। यश ठाकुर के ओवर में वैभव ने लगातार 4,6,4,4 लगाकर 18 रन बटोर लिए थे। उनके इस शानदार शॉट्स के बाद लग रहा था कि वह बड़ी पारी खेल सकते है। हालांकि तेजी से रन बनाने की कोशिश में उन्होंने अपना विकेट गंवा दिया।
रजत पाटीदार ने पकड़ा शानदार कैच
वैभव सूर्यवंशी को यश ठाकुर ने आउट किया। गेंद पर वैभव ने बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया। लेकिन रजत पाटीदार ने बेहतरीन कैच पकड़कर उनकी पारी खत्म कर दी। वैभव ने 43 गेंदों का सामना करते हुए 40 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी में 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
पहली पारी में ठोके थे 92 रन
इससे पहले वैभव ने पहली पारी में शानदार 92 रन बनाए थे। उन्होंने 81 गेंदों की पारी में 7 चौके और 7 छक्के लगाए। 15 साल 157 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाकर उन्होंने दलीप ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने का 57 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ा।
ईस्ट जोन के सामने 159 रन का लक्ष्य
मुकाबले में सेंट्रल जोन ने पहली पारी में 266 रन बनाए थे। इसके जबाव में ईस्ट जोन ने भी 266 रन बनाए। सेंट्रल जोन की दूसरी पारी 158 रन पर समाप्त हुई। इसके बाद ईस्ट जोन को फाइनल में पहुंचने के लिए 159 रन का लक्ष्यम मिला।