IPL 2026 की शुरुआत अब 28 मार्च से होगी। तमिलनाडु, केरल, असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में चुनावों के कारण टूर्नामेंट का शेड्यूल बदला गया है। ओपनिंग और फाइनल मैच बेंगलुरु में होंगे।
नई दिल्ली। क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत अब 28 मार्च से होगी। इसका ऐलान रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल से ठीक पहले ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने किया।
पहले माना जा रहा था कि टूर्नामेंट 26 मार्च से शुरू होगा, लेकिन देश के कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के चलते कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। हालांकि अभी तक BCCI ने आधिकारिक तौर पर पूरा शेड्यूल जारी नहीं किया है।
चुनावों की वजह से बदली तारीख
दरअसल इस साल तमिलनाडु, केरल, असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों में कुछ ऐसे बड़े स्टेडियम हैं जो हर साल IPL के मुकाबलों की मेजबानी करते हैं। इन्हीं वजहों से सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लीग की शुरुआती तारीख दो दिन आगे बढ़ा दी गई।
इन राज्यों के स्टेडियम IPL के अहम वेन्यू
चेन्नई का एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) – चेन्नई सुपर किंग्स का होम ग्राउंड
कोलकाता का ईडन गार्डन्स – कोलकाता नाइट राइडर्स का घरेलू मैदान
गुवाहाटी का बारसापारा स्टेडियम – राजस्थान रॉयल्स का सेकेंड होम वेन्यू। इन स्टेडियमों में चुनाव के दौरान सुरक्षा बलों की तैनाती भी एक बड़ा कारण मानी जा रही है।
दो चरणों में आ सकता है शेड्यूल
IPL के इतिहास में यह पहली बार नहीं है जब चुनावों के कारण कार्यक्रम बदला गया हो। 2009, 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान भी टूर्नामेंट का शेड्यूल दो हिस्सों में जारी किया गया था। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि इस बार भी BCCI पहले चरण का शेड्यूल जारी करे और बाद में बाकी मुकाबलों की तारीखें घोषित करे।
बेंगलुरु में होगा ओपनिंग और फाइनल
कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) के सेक्रेटरी संतोष मेनन ने पुष्टि की है कि IPL 2026 का ओपनिंग मैच और फाइनल मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) इस बार अपने पांच घरेलू मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी।
रायपुर में भी होंगे RCB के मैच
RCB के बाकी दो होम मैच छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। इससे रायपुर के क्रिकेट फैंस को भी IPL के मुकाबले देखने का मौका मिलेगा। गौरतलब है कि पिछले सीजन यानी IPL 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने फाइनल में पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर खिताब जीता था।
ऑक्शन में 26 मार्च बताई गई थी तारीख
दिसंबर 2025 में अबू धाबी में हुई IPL नीलामी के दौरान BCCI ने फ्रेंचाइजियों को बताया था कि टूर्नामेंट 26 मार्च से 31 मई तक खेला जाएगा। हालांकि अब शुरुआती तारीख आगे बढ़ाकर 28 मार्च कर दी गई है। लेकिन माना जा रहा है कि फाइनल की तारीख 31 मई ही रहेगी, क्योंकि वह रविवार का दिन है और परंपरागत रूप से IPL का फाइनल रविवार को ही खेला जाता है।