आईपीएल 2026 का फाइनल आज RCB और GT के बीच अहमदाबाद में खेला जाएगा। विराट कोहली, शुभमन गिल और रजत पाटीदार पर सबकी नजरें होंगी।
आईपीएल 2026 का फाइनल मैच 31 मई रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी), दोनों ही बहुत मजबूत टीमें हैं, जो अब ट्रॉफी जीतने के लिए आमने-सामने होंगी। एक तरफ आरसीबी ने क्वालिफायर-1 जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी, वहीं दूसरे क्वालिफायर मैच में जीटी ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल में स्थान पक्का किया।
आईपीएल के आज होने वाले फाइनल मुकाबले में आरसीबी और जीटी के कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं, जो मैच का रुख बदल सकते हैं।
रजत पाटीदार
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं। रजत इस समय कमाल की फॉर्म में हैं और उन्होंने पहले क्वालिफायर में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 33 गेंदों में 93 रनों की आतिशी पारी खेली थी। रजत पारी को संभालने के साथ-साथ अंत के ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी से मैच का रुख पलटने का दम रखते हैं।
शुभमन गिल
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल के लिए बतौर बल्लेबाज आईपीएल 2026 का यह सीजन शानदार रहा है। गिल ने 15 मुकाबलों में 163 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 722 रन बनाए हैं। दूसरे क्वालिफायर में शतकीय पारी खेलने के बाद उनका आत्मविश्वास और बढ़ा है। अहमदाबाद का मैदान भी गिल को खूब रास आता है। वह नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेली 31 पारियों में 49 की औसत और 162 के स्ट्राइक रेट से 1,374 रन बना चुके हैं।
कांटे का मुकाबला
आईपीएल के इतिहास में आरसीबी और जीटी के बीच अब तक कुल नौ मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से पांच मुकाबलों में जीत आरसीबी को मिली है, जबकि चार मैच जीटी ने जीते हैं। यानी बेंगलुरु और गुजरात के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलती है। पहले क्वालिफायर में आरसीबी, जीटी पर हावी रही थी। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 254 रन बनाए थे। हालांकि, इसके जवाब में गुजरात टाइटंस की पूरी टीम सिर्फ 162 रन बनाकर सिमट गई थी। जीटी की तरफ से राहुल तेवतिया ने सर्वाधिक 68 रन बनाए थे। ऐसे में जीटी पहले क्वालिफायर में मिली हार का हिसाब चुकता करना चाहेगी।
कुणाल पांड्या
आईपीएल के इतिहास में कुणाल पांड्या इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जो दो बार फाइनल में ‘मैन ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। बड़े मौके और बड़े मुकाबलों में कुणाल बेहतरीन प्रदर्शन करना जानते हैं। पहले क्वालिफायर में उन्होंने 43 रनों की शानदार पारी खेलने के साथ-साथ 2 अहम विकेट भी चटकाए थे। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उनकी गेंदबाजी काफी असरदार साबित हो सकती है।
बारिश आने पर क्या होगा?
अगर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के फाइनल मैच के दौरान बारिश आ जाती है, तो 31 मई को ही मैच को पूरा कराने की कोशिश की जाएगी। निरंतर बारिश आने पर ओवरों में कटौती की जाएगी। अगर बारिश नहीं रुकती है, तो 120 मिनट का अतिरिक्त समय जोड़ा जाएगा। मैच का परिणाम लाने के लिए कम से कम दोनों पारियों में पांच-पांच ओवर का खेल करवाने की कोशिश की जाएगी। यदि फिर भी मैच शुरू नहीं हो पाता है, तो मैच को रिजर्व डे पर शिफ्ट कर दिया जाएगा, यानी मैच 1 जून को खेला जाएगा।आरसीबी की पूरी टीम सिर्फ 162 रन बनाकर सिमट गई थी। जीटी की तरफ से राहुल तेवतिया ने सर्वाधिक 68 रन बनाए थे। ऐसे में जीटी पहले क्वालिफायर में मिली हार का हिसाब चुकता करना चाहेगी।
विराट कोहली
आईपीएल 2026 के खिताबी मुकाबले में विराट कोहली आरसीबी के सबसे अहम खिलाड़ी होंगे। कोहली बड़े मुकाबलों के खिलाड़ी हैं और यह बात वह समय-समय पर अपने शानदार प्रदर्शन से साबित कर चुके हैं। पहले क्वालिफायर में भी विराट अच्छी लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने महज 25 गेंदों में 43 रनों की शानदार पारी खेली थी। कोहली ने 15 मुकाबलों में 164 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 600 रन बनाए हैं।
सिराज और रबाडा की जोड़ी
आरसीबी के शीर्ष क्रम के सामने फाइनल में मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा की जोड़ी बड़ी चुनौती पेश कर सकती है। टी-20 क्रिकेट में कोहली ने रबाडा के सामने 17 पारियों में 131 रन बनाए हैं, लेकिन पांच बार आउट भी हुए हैं। वहीं पडिक्कल का रिकॉर्ड सिराज के खिलाफ भी बहुत मजबूत नहीं है। आईपीएल में दोनों की भिड़ंत की आठ पारियों में पडिक्कल ने 45 रन बनाए हैं और तीन बार अपना विकेट गंवाया है।
साई सुदर्शन
गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज और टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ साई सुदर्शन का विकेट आरसीबी के लिए फाइनल मुकाबले में सबसे अहम होगा। सुदर्शन ने इस सीजन निरंतरता के साथ रन बनाए हैं। वह 16 मुकाबलों में 159 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 710 रन बना चुके हैं।