फीफा वर्ल्ड कप 2026 के भारत में प्रसारण को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। Zee Entertainment ने FIFA से बातचीत की पुष्टि की है, जिससे भारतीय फुटबॉल फैंस की उम्मीदें फिर बढ़ गई हैं।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, लेकिन भारत में मैच किस प्लेटफॉर्म पर दिखाए जाएंगे? इसे लेकर अब तक तस्वीर साफ नहीं थी। इसी बीच Zee Entertainment की एंट्री ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। कंपनी ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि वह भारत में FIFA World Cup 2026 के ब्रॉडकास्ट और स्ट्रीमिंग राइट्स के लिए FIFA से बातचीत कर रही है।
इस खबर के सामने आते ही भारतीय फुटबॉल फैंस के बीच नई उम्मीदें पैदा हो गई हैं। खास बात यह है कि यह अपडेट ऐसे समय आया है जब FIFA और Reliance-Disney के बीच मीडिया राइट्स को लेकर बातचीत रुकने की खबरें सामने आई थीं।
रिलायंस-डिज्नी की डील अटकने के बाद बढ़ी हलचल
पिछले कुछ समय से माना जा रहा था कि भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्रसारण अधिकार रिलायंस-डिज्ऩी के पास जा सकते हैं। लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच रकम को लेकर सहमति नहीं बन सकी। बताया गया कि Reliance-Disney ने करीब 20 मिलियन डॉलर का प्रस्ताव दिया था। जिसे FIFA ने स्वीकार नहीं किया। इसके बाद से ही पूरे बाजार में नई बोली की संभावनाएं तेज हो गई थीं। अब Zee के मैदान में उतरने के बाद मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि Zee की बोली रिलायंस-डिज्नी के ऑफर से ज्यादा हो सकती है।
नए स्पोर्ट्स चैनल लॉन्च के दौरान खुलासा
जी इंटरटेनमेंट (Zee Entertainment) ने अपने नए स्पोर्ट्स नेटवर्क ‘Unite 8 Sports’ के लॉन्च के दौरान FIFA के साथ चल रही बातचीत की जानकारी साझा की। कंपनी का कहना है कि वह भारत में स्पोर्ट्स कंटेंट को मजबूत करने और फुटबॉल दर्शकों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। कंपनी के बयान के मुताबिक, FIFA World Cup 2026 जैसे बड़े टूर्नामेंट के जरिए वह स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग मार्केट में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है। इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स मानते हैं कि अगर Zee को ये राइट्स मिलते हैं तो भारतीय स्पोर्ट्स मीडिया बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
FIFA ने घटाई अपनी डिमांड
शुरुआती रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि FIFA भारत के मीडिया राइट्स पैकेज के लिए करीब 100 मिलियन डॉलर की उम्मीद कर रहा था। इसमें 2026 और 2030 दोनों वर्ल्ड कप शामिल थे। हालांकि बाद में वैश्विक फुटबॉल संस्था ने अपनी मांग घटाकर करीब 60 मिलियन डॉलर कर दी। इसके बाद नए खिलाड़ियों के लिए बातचीत की संभावना बढ़ गई। यही वजह है कि अब Zee जैसी कंपनियां इस डील में सक्रिय दिखाई दे रही हैं।
भारतीय फैंस के लिए क्यों अहम है यह फैसला
अगर आने वाले दिनों में Zee और FIFA के बीच समझौता हो जाता है, तो भारत में वर्ल्ड कप देखने को लेकर बनी अनिश्चितता खत्म हो जाएगी। करोड़ों फुटबॉल फैंस को मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग और टीवी ब्रॉडकास्ट आसानी से मिल सकेगा। फीफा वर्ल्ड कप 2026 अगले महीने 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की मेजबानी में शुरू होगा। इस बार टूर्नामेंट में पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। 2022 का फीफा वर्ल्ड कप भारत में Jio पर स्ट्रीम किया गया था, जबकि Sports18 पर उसका प्रसारण हुआ था। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि 2026 के लिए आखिर FIFA किस भारतीय नेटवर्क को अंतिम अधिकार देता है।