ICC ने सरफराज अहमद को किया चार मैचों के लिए निलंबित

ICC ने सरफराज अहमद को किया चार मैचों के लिए निलंबित
X

दुबई । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पाकिस्‍तान क्रिकेट टीम के कप्‍तान और विकेटकीपर सरफराज अहमद को चार अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए निलंबित कर दिया है। सरफराज पर यह प्रतिबंध दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज एंडिले फेलुकवायो के खिलाफ नस्‍लीय टिप्‍पणी करने के लिए लगाया गया है।

उल्लेखनीय है कि सरफराज ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डरबन में हुए दूसरे एकदिनी मैच के दौरान एंडिले फेलुकवायो के खिलाफ विवादित टिप्‍पणी की थी। मैच के 37वें ओवर के दौरान सरफराज ने विकेट के पीछे से फेलुकवायो को लेकर कहा था, 'अबे काले, तेरी अम्मी आज कहां बैठी हैं? क्या पढ़वा के आया है आज? इस टिप्‍पणी को विकेट पर लगे माइक्रोफोन से सुना गया था।

इस मामले के तूल पकड़ने के बाद सरफराज ने टिप्‍पणी के लिए खुद को जिम्‍मेदार मानते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम और व्‍यक्तिगत तौर पर फेलुकवायो से माफी मांगी थी। उन्होंने 23 जनवरी को सोशल मीडिया पर एक बयान जारी करते हुए इस गलती के लिए अपने प्रशंसकों से भी माफी मांगी थी।(हि.स.)

Tags

Next Story