BCCI ने एशियन गेम्स में भारत की B टीम भेजने से इनकार किया है। जापान में होटल, स्टेडियम और ड्रेसिंग रूम की सुविधाओं पर सवाल हैं, लेकिन भारत फुल-स्ट्रेंथ टीम के साथ खेलेगा।
क्रिकेट। भारत जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में B टीम नहीं भेजेगा। इससे पहले ऐसी खबरें सामने आई थीं कि जापान में खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं तय मानकों के मुताबिक नहीं होने के कारण BCCI टीम में बदलाव कर सकता है। हालांकि, बोर्ड के सूत्र के मुताबिक सुविधाओं को लेकर चिंताएं जरूर हैं, लेकिन भारत फुल-स्ट्रेंथ टीम के साथ टूर्नामेंट में उतरेगा।
एशियन गेम्स में क्रिकेट के मुकाबले 17 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच खेले जाएंगे। BCCI और एशियन क्रिकेट काउंसिल जापान में खिलाड़ियों के होटल, ड्रेसिंग रूम और अन्य व्यवस्थाओं से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। इन सुविधाओं का जायजा लेने के लिए BCCI अपना एक ऑब्जर्वर जापान भेज सकता है।
होटल के कमरे छोटे होने से परेशानी
रिपोर्ट्स के अनुसार, खिलाड़ियों के लिए जिन होटल कमरों की व्यवस्था की गई है, वे काफी छोटे हैं। बोर्ड के एक अधिकारी के मुताबिक, कमरे इतने तंग हैं कि दो खिलाड़ियों के भारी किट बैग खोलने के बाद चलने-फिरने तक की जगह नहीं बचती।
स्टेडियम से 20 किलोमीटर दूर होटल
इस बार खिलाड़ियों के लिए अलग एथलीट विलेज नहीं बनाया गया है। स्टेडियम के आसपास के फाइव स्टार होटल पहले ही बुक हो चुके हैं। ऐसे में क्रिकेटरों के ठहरने की व्यवस्था स्टेडियम से करीब 20 किलोमीटर दूर की गई है। इससे खिलाड़ियों के आने-जाने में ज्यादा समय लग सकता है।
क्रिकेट पिच पर भी सवाल
एशियन गेम्स के मुकाबलों के लिए कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क को चुना गया है। यह पहले बेसबॉल स्टेडियम था, जिसे हाल ही में क्रिकेट के लिए तैयार किया गया है। इसकी पिच और आउटफील्ड का अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्याप्त परीक्षण नहीं हुआ है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी इस व्यवस्था पर चिंता जताई है।
टेंट में ड्रेसिंग रूम, 500 मीटर दूर वॉशरुम
खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम पक्की इमारत की जगह टेंट में बनाए गए हैं। इसके अलावा वॉशरुम करीब 500 मीटर दूर है। इससे खिलाड़ियों को असुविधा होने की बात सामने आई है।
ACC की टेक्निकल टीम करेगी जांच
सुविधाओं और पिच की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बाद एशियन क्रिकेट काउंसिल ने टेक्निकल टीम जापान भेजने का फैसला किया है। टीम मैदान, प्रैक्टिस नेट्स और होटल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेगी।
पिछली बार भारत ने जीता था गोल्ड
भारत ने एशियन गेम्स के पिछले एडिशन में क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीता था। 2023 में चीन के हांगझोऊ में हुए गेम्स में भारत और अफगानिस्तान के बीच फाइनल बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका था। बेहतर सीडिंग के आधार पर भारत को विजेता घोषित किया गया था।
चौथी बार एशियन गेम्स में क्रिकेट
क्रिकेट एशियन गेम्स में चौथी बार शामिल होगा। पहली बार 2010 के ग्वांगझू एशियन गेम्स में क्रिकेट खेला गया था। इसके बाद 2014 के इंचियोन गेम्स में भी इसे शामिल किया गया, हालांकि दोनों संस्करणों के मुकाबलों को अंतरराष्ट्रीय दर्जा नहीं दिया गया था। 2018 के एशियन गेम्स से क्रिकेट को बाहर कर दिया गया था। इसके बाद 2022 के हांगझोऊ गेम्स में क्रिकेट की वापसी हुई, जहां भारत ने गोल्ड मेडल जीता। अब 2026 में क्रिकेट एक बार फिर एशियन गेम्स का हिस्सा होगा।