डब्ल्यूएफआई के निलंबन के बाद संजय सिंह बोले, मुझे कोई पत्र नहीं मिला है

नई दिल्ली। नवनिर्वाचित भारतीय कुश्ती संघ द्वारा पहलवानों को तैयारी के लिए पर्याप्त नोटिस दिए बिना अंडर-15 और अंडर-20 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की जल्दबाजी में की गई घोषणा के बाद खेल मंत्रालय ने डब्ल्यूएफआई को निलंबित कर दिया। खेल मंत्रालय ने रविवार को भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) के खिलाफ कड़ा फैसला लिया। अब संजय सिंह भी अध्यक्ष नहीं रहेंगे। इस बारे में संजय सिंह ने कहा, खेल मंत्रालय द्वारा अगले आदेश तक डब्ल्यूएफआई को निलंबित करने के बाद उन्हें अभी तक कोई पत्र नहीं मिला है। मैं फ्लाइट में था। पहले मुझे पत्र देखने दीजिए, उसके बाद ही कोई टिप्पणी करूंगा। मैंने सुना है कि कुछ गतिविधि रोक दी गई है।' मीडिया रिपोर्ट्स में यह बात भी सामने आई कि डब्ल्यूएफआई खेल मंत्रालय के फैसले के खिलाफ कोर्ट जाने के बारे में विचार कर रहा है। हालांकि अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
