Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > धर्म

महाकाल मंदिर में रक्षाबंधन की धूम

महाकाल को सबसे पहले बंधेगी राखी, सवा लाख लड्डुओं का लगेगा महाभोग

उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में रक्षाबंधन के अवसर पर भस्म आरती के साथ बाबा महाकाल को पहली राखी और सवा लाख लड्डुओं का महाभोग अर्पित किया जाएगा।


महाकाल को सबसे पहले बंधेगी राखी सवा लाख लड्डुओं का लगेगा महाभोग

रक्षाबंधन पर उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में इस बार भी खास परंपरा निभाई जाएगी। 28 अगस्त को भस्म आरती के दौरान देश-दुनिया में राखी बांधने की शुरुआत से पहले बाबा महाकाल को पहली राखी अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही भगवान को सवा लाख लड्डुओं का महाभोग लगाया जाएगा।मंदिर में रक्षाबंधन और श्रावण मास के समापन को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। पुजारी परिवार की महिलाएं विशेष राखी तैयार कर रही हैं, जबकि महाभोग के लिए लड्डू बनाने की तैयारी भी शुरू हो गई है।

भस्म आरती में होगा विशेष अभिषेक और शृंगार

रक्षाबंधन के दिन तड़के करीब 3 बजे भस्म आरती होगी। इस दौरान बाबा महाकाल का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। जल, दूध, दही, शहद और फलों के रस से पंचामृत तैयार किया जाएगा।अभिषेक के बाद भगवान का सूखे मेवों और भांग से विशेष शृंगार किया जाएगा। इसके बाद पुजारी परिवार की महिलाओं की ओर से तैयार की गई राखी बाबा महाकाल को अर्पित होगी।मान्यता है कि भगवान महाकाल कालजयी हैं और भद्रा या मुहूर्त के बंधन से परे माने जाते हैं। इसी आस्था के चलते रक्षाबंधन पर सबसे पहले उन्हें रक्षासूत्र अर्पित कर सृष्टि के कल्याण की कामना की जाती है।

2 फीट की राखी तैयार कर रहा पुजारी परिवार

बाबा महाकाल के लिए इस बार करीब 2 फीट लंबी विशेष राखी तैयार की जा रही है। इसे रेशम के धागों के साथ स्पंज, आभूषण और विशेष वस्त्रों से सजाया जा रहा है।पुजारी परिवार की महिलाओं के मुताबिक राखी तैयार करने में करीब 8 दिन लगते हैं। श्रावण मास के दौरान उपवास और मंगल गीतों के बीच इसे श्रद्धा और पवित्रता के साथ तैयार किया जाता है।

सवा लाख लड्डुओं के लिए 15 क्विंटल बेसन और 10 क्विंटल घी

रक्षाबंधन के साथ श्रावण महोत्सव के समापन पर बाबा महाकाल को सवा लाख लड्डुओं का महाभोग लगाया जाएगा। पुजारी परिवार की ओर से इसकी तैयारियां की जा रही हैं।लड्डुओं के लिए करीब 15 क्विंटल बेसन, 10 क्विंटल शुद्ध घी, 15 क्विंटल शक्कर बूरा और 2 क्विंटल मेवे का इस्तेमाल होगा। स्वाद और सुगंध के लिए इलायची भी डाली जाएगी। प्रसाद तैयार करने में सामग्री की शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

श्रद्धालुओं को बांटा जाएगा महाप्रसाद

28 अगस्त को भस्म आरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के साथ दिनभर महाकाल मंदिर पहुंचने वाले भक्तों को भी लड्डुओं का महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।रक्षाबंधन पर उन महिलाओं और बहनों के मंदिर पहुंचने की भी परंपरा है, जिनके भाई नहीं हैं। वे बाबा महाकाल को अपना भाई मानकर उन्हें रक्षासूत्र अर्पित करती हैं।इसी परंपरा और श्रावण के अंतिम दिन होने वाले विशेष आयोजनों के चलते रक्षाबंधन पर महाकाल मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

Related to this topic: