उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने कानूनी व्यवस्था मजबूत करने के लिए 206 प्रांतीय पुलिस सेवा अधिकारियों का स्थानांतरण किया।
योगी सरकार ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को 206 प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले कर दिए। तबादलों की इस सूची में कई ऐसे अधिकारी शामिल हैं जो लंबे समय से एक ही जिले में तैनात थे, जबकि हाल ही में इंस्पेक्टर से क्षेत्राधिकारी (CO) बने अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सीएम सुरक्षा में बड़ा बदलाव
मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र कुमार-II को शाहजहांपुर भेजा गया है। वहीं लखनऊ में सहायक पुलिस आयुक्त के पद पर कार्यरत विकास कुमार जायसवाल को मुख्यमंत्री सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। दूसरी ओर गौतमबुद्धनगर से लखीमपुर खीरी भेजे गए एसीपी अरविंद कुमार-II का स्थानांतरण निरस्त कर दिया गया है और वे अपनी वर्तमान तैनाती पर बने रहेंगे।
प्रियंका बाजपेई कानपुर, सुकन्या शर्मा बागपत भेजी गईं
कन्नौज की डीएसपी प्रियंका बाजपेई को कानपुर कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है। आगरा की एसीपी सुकन्या शर्मा को बागपत में डीएसपी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं हापुड़ की डीएसपी स्तुति सिंह को संभल में क्षेत्राधिकारी बनाया गया है।
कई जिलों में बदले गए CO और ACP
बिजनौर के डीएसपी सोम प्रकाश वर्मा को मऊ भेजा गया है। रेलवे सहारनपुर के क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिसौदिया और मुजफ्फरनगर के सीओ डॉ. रविशंकर को गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में एसीपी पद पर तैनात किया गया है। लखनऊ के एसीपी सतीश कुमार राय को मेरठ पीएसी भेजा गया है।
तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
डीजीपी मुख्यालय ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती स्थल पर पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। शासन का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को प्रभावित किए बिना प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना बताया जा रहा है।
जल्द आ सकती है IPS तबादलों की सूची
सूत्रों के अनुसार PPS अधिकारियों के तबादलों के बाद अब वरिष्ठ IPS अधिकारियों के तबादलों और नई नियुक्तियों को लेकर भी मंथन जारी है। स्थायी डीजीपी की नियुक्ति के बाद कई महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती को लेकर निर्णय जल्द सामने आ सकते हैं।