Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > उत्तर प्रदेश

Hapur Akhara Dangal News

Hapur Akhara Dangal: अखाड़े में गूंजा तालियों का शोर, पहलवानों ने दिखाए दमदार दांव-पेंच

तहसील क्षेत्र के गांव सपनावत में अखाड़ा गुरु मोनू राणा के नेतृत्व में आयोजित मासिक दंगल में शनिवार को पहलवानों ने अपनी ताकत, फुर्ती और कुश्ती के शानदार दांव-पेंच दिखाकर खूब वाहवाही लूटी।


hapur akhara dangal अखाड़े में गूंजा तालियों का शोर पहलवानों ने दिखाए दमदार दांव-पेंच

Hapur Akhara Dangal: अखाड़े में गूंजा तालियों का शोर, पहलवानों ने दिखाए दमदार दांव-पेंच |

प्रमोद शर्मा, हापुड़: तहसील क्षेत्र के गांव सपनावत में अखाड़ा गुरु मोनू राणा के नेतृत्व में आयोजित मासिक दंगल में शनिवार को पहलवानों ने अपनी ताकत, फुर्ती और कुश्ती के शानदार दांव-पेंच दिखाकर खूब वाहवाही लूटी। अखाड़े में एक के बाद एक मुकाबले शुरू होते ही दर्शकों में रोमांच बढ़ता गया और जोरदार भिड़ंत के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा माहौल गूंज उठा।

मासिक दंगल में हापुड़, गुलावठी, सिकंदराबाद, दादरी, गाजियाबाद, मेरठ, खरखौदा, मुरादाबाद और बृजघाट समेत हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों से भी पहलवान पहुंचे। अलग-अलग स्थानों से आए पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। पहलवानों के दांव-पेंच देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग भी मौके पर जुटे रहे।

दंगल का सबसे रोमांचक मुकाबला अर्जुन और हर्ष के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। कभी अर्जुन बढ़त बनाते नजर आए तो कभी हर्ष ने पलटवार कर मुकाबले का रुख बदल दिया। दोनों के बीच जमकर जोर आजमाइश हुई, लेकिन निर्धारित समय समाप्त होने तक कोई भी पहलवान निर्णायक बढ़त नहीं बना सका और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
इसके अलावा मयंक और बंश तथा गुड्डा और फाइन के बीच भी जोरदार कुश्ती देखने को मिली। दोनों मुकाबलों में पहलवानों ने अपनी पूरी क्षमता का प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में मुकाबले बराबरी पर छूटे। रोमांचक मुकाबलों के दौरान दर्शक लगातार तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाते रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोताश छोकर ने अखाड़े में पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कुश्ती केवल ताकत का खेल नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का भी परिचायक है। उन्होंने पहलवानों से बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा निखारने और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर पहलवानों की मदद के लिए वह हमेशा तैयार रहेंगे। 

रेफरी लोकेश पहलवान ने बताया कि सपनावत में प्रत्येक माह की पहली तारीख को मासिक दंगल आयोजित किया जाता है। इसमें अलग-अलग जिलों के साथ हरियाणा से भी पहलवान पहुंचते हैं। आयोजन में सभी पहलवानों को सम्मानित किया जाता है, जबकि शानदार प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाता है। 

इस अवसर पर लाला पहलवान, रघुनंदन पहलवान, विक्रम पहलवान, मामराज सिसोदिया, लोकेश सिसोदिया, मोहित सिसोदिया, पप्पू सिसोदिया, शिवकुमार सिसोदिया, बबल सिसोदिया, नरेश राणा, भोला राणा, कपिल शर्मा, देवेश राणा, जसवंत राणा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Related to this topic: