Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > मध्य प्रदेश > भोपाल

Rail Engine Safety Plate Developed

Bhartiya Rail: रेल इंजनों की सुरक्षा बढ़ाने रेलवे इंजीनियरों का नवाचार, 178 इंजनों में लगी सेफ्टी प्लेट

पश्चिम मध्य रेल ने रेल इंजनों के एयर ड्रायर को बाहरी आघात से बचाने के लिए विशेष सेफ्टी प्लेट विकसित की है। इस प्लेट को 178 इंजनों में सफलतापूर्वक लगाया है।


bhartiya rail रेल इंजनों की सुरक्षा बढ़ाने रेलवे इंजीनियरों का नवाचार 178 इंजनों में लगी सेफ्टी प्लेट

Engine Safety Plate in indian Railway |

भोपाल। पश्चिम मध्य रेल के विद्युत विभाग ने इंजनों की सुरक्षा और अनुरक्षण दक्षता बढ़ाने के लिए तकनीकी समाधान तैयार किया है। इंजीनियरों ने एयर ड्रायर की सुरक्षा के लिए विशेष सेफ्टी प्लेट विकसित की है। इसे मंडल के 178 इंजनों में सफलतापूर्वक लागू किया जा चुका है। नवाचार का मकसद एयर ड्रायर के क्षतिग्रस्त होने से होने वाले तकनीकी नुकसान और अनुरक्षण से जुड़ी अतिरिक्त लागत को कम करना है। रेलवे के मुताबिक नई प्लेट एयर ड्रायर को अतिरिक्त मजबूती देगी और इंजन की विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद करेगी।

एयर ड्रायर को नुकसान का खतरा

इंजन के सामने लगा एयर ड्रायर पशु के टकराने या किसी अन्य बाहरी आघात की स्थिति में अपने निर्धारित सहारे से अलग होकर नीचे लटक जाता था। इससे पर्ज वाल्व टूटने के साथ विद्युत लीड और न्यूमेटिक पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने का खतरा रहता था। ऐसी स्थिति में एयर ड्रायर को अलग करना पड़ता था।

नए डिजाइन से मिली अतिरिक्त मजबूती

इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए मंडल के विद्युत विभाग के इंजीनियरों ने 410 से 420 मिलीमीटर आकार की विशेष सेफ्टी प्लेट तैयार की। इसे कैटल गार्ड पर लगाया गया है। इससे एयर ड्रायर को अतिरिक्त सहारा और मजबूती मिलती है। बाहरी आघात की स्थिति में इसके क्षतिग्रस्त होने की आशंका को कम करने में यह प्लेट मदद करेगी।

अनुरक्षण और परिचालन पर भी असर

एयर ड्रायर को अलग करने की जरूरत पड़ने से पहले इंजन की कार्यक्षमता प्रभावित होती थी। इसके साथ अनुरक्षण कार्य बढ़ता था और परिचालन लागत पर भी असर पड़ता था। नई सुरक्षा प्लेट इसी समस्या को कम करने के उद्देश्य से विकसित की गई है। 178 इंजनों में इसका सफल इस्तेमाल होने के बाद रेलवे के विद्युत विभाग के इस नवाचार को सुरक्षा और अनुरक्षण दोनों लिहाज से उपयोगी माना जा रहा है।

रेलवे इंजीनियरों ने किया नवाचार

मंडल के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल ने बताया कि यह पहल इंजनों की सुरक्षा, विश्वसनीयता और अनुरक्षण दक्षता बढ़ाने की दिशा में की गई है। इंजीनियरों ने मौजूदा समस्या को देखते हुए कैटल गार्ड पर सेफ्टी प्लेट लगाने का समाधान तैयार किया। इसके जरिए एयर ड्रायर को सुरक्षित रखने के साथ इंजन के परिचालन से जुड़ी परेशानियों को कम करने की कोशिश की गई है।

Related to this topic: