उज्जैन के केडी गेट क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद का हिस्सा हटाने पहुंची प्रशासन की टीम का विरोध हुआ। बातचीत के बाद कार्रवाई फिलहाल रोक दी गई।
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत केडी गेट क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई मंगलवार को शुरू हुई। प्रशासन की टीम मदीना मस्जिद और जमीयतुल कुरैश कस्साबान मस्जिद के सड़क दायरे में आ रहे हिस्से को हटाने पहुंची। जेसीबी शुरू होते ही मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध किया। पुलिस से बहस और कहासुनी के बाद मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया।
3 फीट हिस्सा बचाने की मांग
मस्जिद कमेटी से जुड़े शाहिद खान ने बताया कि मस्जिद करीब 100 से 150 साल पुरानी है। समाज ने सड़क चौड़ीकरण में सहयोग करते हुए दुकानों का हिस्सा भी दिया है। अब उनकी मांग है कि मस्जिद का करीब 2 से 3 फीट हिस्सा बचाया जाए। मदीना मस्जिद और जमीयतुल कुरैश कस्साबान मस्जिद से जुड़े प्रभावित हिस्से को लेकर समाज के लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन के सामने अपनी मांग रखी।
बैठक के बाद तय होगा आगे का फैसला
शहर काजी खलिकुर्रहमान ने कहा कि प्रशासन के साथ बैठक कर पूरे मामले पर चर्चा की जाएगी। बैठक में जो निर्णय होगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर पुलिस और नगर निगम की टीम तैनात
कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्रशासन और मुस्लिम समाज के बीच बातचीत के बाद फिलहाल कार्रवाई रोक दी गई है। सिंहस्थ की तैयारियों के तहत केडी गेट रोड के चौड़ीकरण का काम आगे जारी रहने की संभावना है।
मास्टर प्लान रोड के तहत हो रही कार्रवाई
एसडीएम पवन बारिया ने बताया कि मास्टर प्लान रोड चौड़ीकरण के तहत नगर निगम ने मंगलवार सुबह कार्रवाई शुरू की थी। सड़क के दायरे में मस्जिद का निर्माण आने की बात सामने आने पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई। लोगों ने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की। बातचीत के दौरान कई मुद्दों पर सहमति बनने की बात सामने आई। शाम होने के कारण नगर निगम की कार्रवाई फिलहाल रोक दी गई। अधिकारियों के अनुसार, आगे की कार्रवाई आपसी सहमति और चर्चा के आधार पर की जाएगी।