Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > उत्तर प्रदेश

Hapur Gaurav Murder Case

Gaurav Murder Case: गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा, तीन इनामी हमलावर दबोचे

थाना देहात क्षेत्र में धनोरा रोड पर गौरव त्यागी की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25-25 हजार रुपये के इनामी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


gaurav murder case गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा तीन इनामी हमलावर दबोचे

Gaurav Murder Case: गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा, तीन इनामी हमलावर दबोचे |

प्रमोद शर्मा, हापुड़: थाना देहात क्षेत्र में धनोरा रोड पर गौरव त्यागी की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25-25 हजार रुपये के इनामी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक असौड़ा-धनौरा अंडरपास के पास हुई मुठभेड़ में प्रदीप को घायल अवस्था में दबोचा गया, जबकि अमित और कुलदीप को कचहरी गेट के पास से गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के बाद हत्याकांड में फरार आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा और कस गया है।

मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी गौरव त्यागी की धनोरा रोड पर हमलावरों ने बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में आक्रोश फैल गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए तीन टीमें गठित की थीं। मामले में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने सबसे पहले कार्रवाई करते हुए राजवीर और जयपाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद फरार पांच आरोपियों पर पुलिस ने दबाव बढ़ाते हुए प्रत्येक पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। लगातार दबिश और तलाश के बीच पुलिस को तीन आरोपियों के ठिकाने की जानकारी मिली, जिसके बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार असौड़ा-धनौरा अंडरपास के पास प्रदीप को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने प्रदीप को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरी टीम ने कचहरी गेट के पास घेराबंदी कर अमित और कुलदीप को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस व दो कारतूस, वारदात में इस्तेमाल दो डंडे और एक हथौड़ा बरामद किया गया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।

पुलिस के मुताबिक प्रदीप और अमित के खिलाफ दो-दो तथा कुलदीप के खिलाफ तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गौरव हत्याकांड में अब तक पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर हत्याकांड की पूरी तस्वीर सामने लाई जाएगी।

Related to this topic: